लखनऊ/जौनपुर : यूपी के जौनपुर जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 से ज्यादा लोग घायल हो गए। इसमें से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की खबर मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
45 यात्रियों को लेकर जा रही थी बस, डिवाइडर से टकरा कर पलटी
यह घटना बक्शा थाना क्षेत्र के शिवगुलामगंज हाईवे पर उस समय हुई जब हिम्मत बस सर्विस की एक निजी बस जौनपुर शहर की ओर जा रही थी। तेज रफ्तार में चल रही बस अचानक डिवाइडर से टकरा गई और अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में कुल 45 यात्री सवार थे। हादसे में 2 पुरुष और 3 महिलाओं की मौत हो गई। 15 से अधिक यात्री घायल हैं। जिनमें से पांच को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर बचाई जान
मौके पर तुरंत थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह, स्थानीय पुलिस और गांववालों की मदद से राहत कार्य शुरू किया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ कुमार, एडिशनल एसपी तपिश कुमार सिंह, और सीओ सदर परमानंद कुशवाहा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत कार्य तेज किया।
सीएम ने जताया शोक
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दर्दनाक घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और जिला प्रशासन को राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही घायलों को हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का आदेश भी दिया है।
![]()
