गले पर चोट के गहरे निशान, हत्या की आशंका से इलाके में सनसनी
मुरादाबाद/ लखनऊ : यूपी के मुरादाबाद जिले के मझोला थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। शांति नगर स्थित एमडीए आवासीय योजना कॉलोनी में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। मृतक की पहचान अमन शुक्ला (20 वर्ष), निवासी पैपटपुरा के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। कॉलोनीवासियों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मझोला थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव की हालत देखकर पुलिस ने प्रथम दृष्टया मामला गला घोंटकर हत्या का माना है, क्योंकि अमन के गले पर गहरे चोट के निशान पाए गए हैं।
मंगलवार शाम से लापता था अमन, परिजन रातभर करते रहे तलाश
मृतक अमन के पिता संजीव शुक्ला ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा मंगलवार शाम घर से निकला था, लेकिन रातभर वापस नहीं लौटा। परिजन उसे पूरी रात ढूंढते रहे, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। बुधवार को कॉलोनी में शव पड़ा होने की खबर मिलते ही परिवार और पुलिस घटनास्थल पर पहुंचे।
फोरेंसिक टीम मौके पर, साक्ष्य जुटाए गए

घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सीओ ने मीडिया को बताया कि पुलिस घटना की जांच सभी एंगल से कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे, संदिग्धों से पूछताछ
पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि अमन वहां कैसे पहुंचा और किन लोगों के साथ वह आखिरी बार देखा गया था। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है।
इलाके में दहशत का माहौल, हत्या की वजह अब तक स्पष्ट नहीं
इस घटना से स्थानीय निवासियों में डर और आक्रोश का माहौल है। अमन की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, ऐसे में हत्या के पीछे की वजह रहस्यमयी बनी हुई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं मामला निजी रंजिश या पूर्व नियोजित साजिश तो नहीं। परिजनों ने अभी तक किसी पर शक नहीं जताया है। पुलिस को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के आधार पर जल्द ही सुराग मिलने की उम्मीद है।
![]()
