बरेली : यूपी के बरेली जिले के फरीदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दीपपुर गांव में एक खतरनाक बिजली हादसे ने पूरे गांव को दहला दिया। 33 केवी की हाईटेंशन लाइन में तकनीकी फॉल्ट के चलते पूरे गांव में करंट फैल गया। जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई और एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई।
तेज बारिश के बाद हाईटेंशन लाइन में फॉल्ट
स्थानीय लोगों के अनुसार, गांव में तेज बारिश हो रही थी। उसी दौरान हाईटेंशन लाइन में फॉल्ट हुआ और करंट गांव के कई घरों में फैल गया। बिजली के झटके से कई घरों के बिजली उपकरण फुंक गए और लोग डर के मारे घर छोड़कर बाहर भागने लगे। गांव में अचानक अफरा-तफरी मच गई।
मोबाइल चार्ज करते समय युवक की मौत
गांव निवासी बिजेंद्र (22 वर्ष) अपना मोबाइल चार्ज कर रहा था, तभी जैसे ही उसने प्लग बोर्ड में चार्जर लगाया, हाई वोल्टेज करंट पूरे घर में दौड़ गया। करंट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि वह कुछ समझ पाता, इससे पहले ही उसकी मौत हो गई।
महिला भी करंट की चपेट में, बक्से से झुलसी
एक अन्य घटना में गांव की एक महिला को भी करंट का झटका लगा, जिससे वह दूर जाकर गिर गई। दुर्भाग्यवश जिस लोहे के बक्से पर वह गिरी, उसमें भी करंट उतर आया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। फिलहाल महिला का इलाज चल रहा है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
प्रशासन हरकत में, जांच के आदेश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। बिजली विभाग को तत्काल फॉल्ट की जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है। साथ ही पुलिस को भी मामले की विस्तृत जांच करने और कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
गांव में पसरा मातम
बिजेंद्र की असमय मृत्यु से गांव में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और लोग बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर आक्रोशित हैं।
