बरेली : नगर निगम के वार्ड 29 लक्ष्मीपुर रायपुर चौधरी पहली ही बारिश में पानी-पानी हो गया है। यहां की महिलाओं का गुस्सा आखिरकार सड़कों से होकर डीएम ऑफिस तक पहुंच गया। यह महिलाएं जल निकासी की खराब व्यवस्था और नालियों की सफाई न होने से नाराज़ थीं। इसके साथ ही महिलाओं ने नगर आयुक्त पर अभद्रता का आरोप लगाया। हालांकि, नगर आयुक्त संजीव मौर्य ने “The Justice Hindi” को बताया कि महिलाएं जलभराव की शिकायत को लेकर आई थीं। उन्होंने रास्ते में जलभराव की बात कही। जिसके चलते पानी निकासी को मशीन भेज दी गई। मगर,बाद में महिलाएं तुरंत नाला निर्माण की मांग करने लगीं। इस पर निजी जमीन में नाला निर्माण न होने की जानकारी दी गई। इसके साथ ही समाधान निकालने की बात कही। मगर, वह तुरंत नाला निर्माण की मांग कर रही थीं।
बरसात से पहले ही बदहाल हालात
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में वर्षों से नालियों की सफाई नहीं हुई है। बारिश आते ही सड़कें तालाब बन जाती हैं और घरों में पानी भर जाता है। न तो चलने की जगह बचती है, न ही बीमारियों से बचाव का रास्ता। स्कूल जाने वाले बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, सभी को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नगर आयुक्त पर लगाया अभद्रता का आरोप
समस्या का हल निकलवाने की उम्मीद लिए कुछ महिलाएं नगर आयुक्त से मिलने पहुंचीं, लेकिन आरोप है कि उन्होंने समस्या पर ध्यान देने की बजाय अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इस व्यवहार से आहत महिलाओं ने जिलाधिकारी कार्यालय (डीएम ऑफिस) पहुंचकर नगर आयुक्त के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत दर्ज कराने वालों में यह महिलाएं शामिल
इस दौरान शिकायत करने वाली महिलाओं में राजवती, आरती, तारावती, वीराबाती, ममता, राम ललित, मीना देवी, अभय, राजेश समेत कई स्थानीय नागरिक इस शिकायत में शामिल रहे। सभी ने प्रशासन से मांग की कि बारिश शुरू होने से पहले इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। जल्द से जल्द नालियों की नियमित सफाई शुरू कराने की बात कही।
