लखनऊ/ गाजीपुर : यूपी के गाजीपुर जिले में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में काशीदास बाबा की पूजा के दौरान करंट लगने से चार लोगों की मौत हो गई। इसमें एक उत्तर प्रदेश पुलिस का सिपाही भी शामिल है। घटना में तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। यह हादसा नरवर गांव में पूजन मंडप के लिए बांस खड़ा करते समय बांस के हाइटेंशन तार से टकरा जाने के कारण हुआ।
मंडप के लिए खड़ा कर रहे थे बांस
गाजीपुर के मरदह थाना क्षेत्र अंतर्गत नरवर गांव में हर साल की तरह इस बार भी काशीदास बाबा की पूजा का आयोजन किया जा रहा था। बुधवार सुबह स्थानीय ग्रामीण मंडप लगाने के लिए बांस खड़ा कर रहे थे। इस दौरान एक बांस का सिरा ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गया। इससे बांस के संपर्क में आए सात लोग तेज करंट की चपेट में आकर अचेत हो गए। घायलों को तत्काल मऊ जिले के फातिमा अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने रविंद्र यादव (28 वर्ष), अजय यादव (26 वर्ष), छोटेलाल (35 वर्ष), और अमन यादव (22 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया। घायलों में अमेरिका यादव (16 वर्ष), संतोष यादव (25 वर्ष), और जितेंद्र यादव (16 वर्ष) शामिल हैं। जिनका इलाज जारी है।
मृतकों में सिपाही भी शामिल
इन मृतकों में शामिल रविंद्र यादव उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही पद पर कार्यरत थे और वर्तमान में अंबेडकरनगर जिले में तैनात थे। वह छुट्टी लेकर गांव आए थे और पूजा की तैयारियों में सहयोग कर रहे थे।
प्रशासनिक हलचल और संवेदनाएं
घटना की जानकारी मिलते ही मरदह थाने की पुलिस, एएसपी ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर, कासिमाबाद सीओ, थानाध्यक्ष तारामती यादव समेत कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। प्रशासन ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू कराया। एसडीएम मनोज कुमार पाठक ने घटना स्थल का मुआयना कर लेखपाल को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। इस हादसे बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस हृदयविदारक हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों का समुचित इलाज सुनिश्चित किया जाए और प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद पहुंचाई जाए।
गांव में पसरा मातम
इस हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। महिलाएं बिलख रही हैं और पूरे गांव में मातम का माहौल है। पूजा समारोह जहां उत्सव का रूप लेने वाला था, वह अब एक त्रासदी में बदल गया है।
काशीदास बाबा की पूजा क्या है?
काशीदास बाबा की पूजा पूर्वांचल के ग्रामीण अंचलों में आस्था और परंपरा से जुड़ी एक विशिष्ट धार्मिक विधि है। मान्यता है कि बाबा काशीदास ग्राम और परिवार की रक्षा करते हैं। इस पूजा में मंडप, झंडा और विशेष भोग तैयार किया जाता है, और सामूहिक भजन-कीर्तन के साथ गांववासी शामिल होते हैं।
![]()
