बरेली: कैंट थाना क्षेत्र के नकटिया निवासी 26 वर्षीय रजनीश प्रसाद की शुक्रवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि रजनीश अपने पड़ोसी दोस्तों शेखर, शकील और हैप्पी के साथ कार से पार्टी करने गया था। रात करीब 11 बजे तीनों दोस्त उसे घर छोड़ गए, उस वक्त उसकी तबीयत बिगड़ी हुई थी और वह उल्टियां कर रहा था।
अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
परिवार को लगा कि रजनीश ने शराब अधिक मात्रा में पी ली होगी, इसलिए उन्होंने उसे आराम करने दिया। लेकिन कुछ देर बाद उसकी हालत और ज्यादा खराब हो गई और वह बाथरूम में गिर पड़ा। परिजन आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार ने जताई साजिश की आशंका
मृतक के भाई नीतीश प्रसाद ने बताया कि रजनीश और शेखर एक ही कंपनी में मैनेजर पद पर काम करते थे, जिसमें रजनीश वरिष्ठ पद पर था। परिवार को शक है कि पार्टी के दौरान उसे कुछ गलत खिलाया गया होगा, क्योंकि रजनीश का शरीर नीला पड़ गया था। पिता मंटू प्रसाद ने बताया कि वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और प्राइवेट नौकरी करता था। मां अनीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
तीन दोस्त हिरासत में, जांच जारी
सूचना पर कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने तीनों दोस्तों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा। मामले में आगे की जांच जारी है।
