लखनऊ: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के गठन के बाद से ही कड़े प्रशासनिक फैसले देखने को मिल रहे हैं। इसी सिलसिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में अवैध घुसपैठ को लेकर बड़ा निर्देश जारी किया है। सीएम योगी ने सभी जिलाधिकारियों को आदेश देते हुए कहा है कि प्रदेश में रहने वाले अवैध घुसपैठियों की तुरंत पहचान की जाए और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित हो।
मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि कानून व्यवस्था, राष्ट्रीय सुरक्षा और सामाजिक सद्भाव सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने जिलों में रह रहे विदेशी नागरिकों और अवैध रूप से बसे लोगों की सूची और पहचान प्रक्रिया तेज की जाए। इसी के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यह भी आदेश दिया है कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में अस्थायी डिटेंशन सेंटर बनाए जाएं। इन केंद्रों में सत्यापन पूरा होने तक अवैध विदेशी नागरिकों को रखा जाएगा और निर्धारित प्रक्रिया के बाद उन्हें उनके मूल देश वापस भेजा जाएगा।
वहीं, इस मुद्दे पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि देश में अवैध घुसपैठ के खिलाफ अभियान चल रहा है और इसमें किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि एक भी घुसपैठिया देश में नहीं रहने दिया जाएगा। उन्हें खोज-खोजकर बाहर निकाला जाएगा। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि इस अभियान को लेकर गृह मंत्री अमित शाह पहले ही घोषणा कर चुके हैं और देश इस दिशा में पूरी तरह तैयार है।
