मुरादाबाद डीसीएम से मिलकर जायरीन की सुविधा और सुरक्षा बढ़ाने की उठाई मांग, 6, 7 और 8 अगस्त को होगा 108वां विश्व विख्यात उर्स-ए-रज़वी
बरेली : 108वें विश्व विख्यात उर्स-ए-रज़वी की तैयारियों के बीच दरगाह आला हज़रत की ओर से रेलवे प्रशासन के साथ समन्वय तेज कर दिया गया है। बुधवार को दरगाह प्रमुख हज़रत मौलाना सुब्हान रज़ा खान (सुब्हानी मियां) और सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन रज़ा खान (अहसन मियां) के निर्देश पर एक प्रतिनिधिमंडल ने मुरादाबाद मंडल के डिवीजनल कमर्शियल मैनेजर (डीसीएम) महेश यादव से मुलाकात कर उर्स के दौरान देशभर से आने वाले जायरीनों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्थाएं करने की मांग की। शाहिद खान नूरी, परवेज़ नूरी और अजमल नूरी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने डीआरएम के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि इस वर्ष 108वां विश्व विख्यात उर्स-ए-रज़वी 6, 7 और 8 अगस्त 2026 को बरेली में आयोजित होगा।
अतिरिक्त कोच, स्पेशल ट्रेन, टिकट विंडो की मांग

हर वर्ष लाखों अकीदतमंद देश के विभिन्न राज्यों से रेल मार्ग के जरिए बरेली पहुंचते हैं। इसलिए रेलवे की अतिरिक्त व्यवस्थाएं बेहद जरूरी हैं। प्रतिनिधिमंडल ने रेलवे प्रशासन से मांग की कि उर्स के दौरान बरेली के लिए सभी प्रमुख दिशाओं से उर्स स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएं, बरेली होकर गुजरने वाली अप और डाउन ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जाएं, उर्स स्थल पर अस्थायी टिकट विंडो खोली जाए और ट्रेनों की समय-सारिणी प्रदर्शित की जाए। इसके अलावा बरेली के सभी रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट काउंटर, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई और यात्रियों की सुविधा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। ट्रेनों और रेलवे परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत करने की मांग रखी गई।
बेहतर इंतजाम का भरोसा
दरगाह के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि डीसीएम महेश यादव ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि इस बार उर्स के दौरान रेलवे पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का प्रयास करेगा।उन्होंने यह भी बताया कि दरगाह की ओर से इससे पहले रेल मंत्री को भी पत्र भेजकर उर्स स्पेशल ट्रेनों के संचालन, अतिरिक्त कोच और जायरीनों की सुरक्षा व सुविधाओं की मांग की जा चुकी है। इसी संबंध में एक पत्र डीआरएम इज्जतनगर मंडल को भी प्रेषित किया गया है।उर्स-ए-रज़वी में हर वर्ष देश-विदेश से बड़ी संख्या में अकीदतमंद बरेली पहुंचते हैं। ऐसे में रेलवे की विशेष तैयारियां लाखों जायरीनों की यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
