संगठन को मजबूत करने के लिए बैठक में हुआ कार्यकारिणी का विस्तार, ताहिरा खातून उपाध्यक्ष, और रजनी बनीं सचिव
बरेली: उत्तर प्रदेश आशा वर्कर्स यूनियन ने बरेली के अर्बन क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने के लिए बैठक आयोजित कर नई कार्यकारिणी का गठन किया। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों की मौजूदगी में जिम्मेदारियां तय की गईं। इसमें रेनू शर्मा को अर्बन क्षेत्र का अध्यक्ष बनाया गया, जबकि ताहिरा खातून को उपाध्यक्ष और रजनी को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। आरती सविता और विनीत मिश्रा को कोषाध्यक्ष बनाया गया। बैठक में जिलाध्यक्ष शिववती साहू, उपाध्यक्ष सुनीता गंगवार,मंडल अध्यक्ष ऋचा शर्मा, मीरा और प्रदेश सचिव जयश्री गंगवार मौजूद रहीं। संगठन की गतिविधियों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक प्रभावी ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से विभिन्न पीएचसी पर भी अध्यक्ष नियुक्त किए गए।
पीएचसी स्तर पर भी संगठन का विस्तार
यूनियन की ओर से अंजलि, शिवांगी सक्सेना, शशिवाला, सुमन, रश्मि गुप्ता, लक्ष्मी,शबाना, रेखा रानी, मीरा कुमारी, उषा राठौर और नीतू राजदा को अलग -अलग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। बैठक में बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ते हुए टीम का विस्तार भी किया गया।
आशा कार्यकर्ताओं की समस्याएं उठाने पर जोर
प्रदेश सचिव जयश्री गंगवार ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनसे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन निष्ठा और ईमानदारी से करने का आह्वान किया। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने और आशा कार्यकर्ताओं की समस्याओं को प्रभावी ढंग से संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए सामूहिक रूप से काम करने पर जोर दिया। बैठक में नई कार्यकारिणी के गठन को अर्बन क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों को व्यवस्थित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
