अजेय फिल्म पर तंज, इटावा से मिट्टी के पहाड़ गायब, सपा ने सरकार बनने पर बरामदगी का किया वादा
इटावा/लखनऊ : यूपी के इटावा स्थित सफारी पार्क के सभागार में रविवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कई मुद्दों पर जोरदार बयान दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कानपुर के अखिलेश दुबे के लिए भी मुख्तार अंसारी की तरह जेल में जहर तैयार किया जा रहा है। उनका दावा था कि यह उदाहरण दिखाता है कि बीजेपी और पुलिस किस तरह लोगों को बचा रही है। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार में स्वजाति लोगों का बोलबाला है, और केवल उन्हीं को सरकारी नौकरी दी जा रही है।
सपा प्रमुख का अजेय फिल्म पर तंज

अखिलेश यादव ने हाल ही में रिलीज हुई फिल्म “अजेय” पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि फिल्म में ओरिजनल डायलॉग नहीं हैं। अगर, होते तो “बीप की आवाज” डालनी पड़ती। इसके अलावा उन्होंने फिल्म के क्लाइमैक्स और सीन पर भी सवाल उठाए, जिसमें डबल इंजन सरकार की टकराने वाली स्थिति और गाड़ी पलटने का सीन नहीं है।
ईवीएम को हटाने का वक्त

अखिलेश यादव ने ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) को लेकर कहा कि अब भाजपा के लोग ही सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना था कि अब ईवीएम को हटाने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि शहर के सुमेर सिंह को बंद कर दिया गया और एनकाउंटर पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर घटना से पहले एनकाउंटर होता, तो स्थिति अलग होती। सपा प्रमुख ने यह भी कहा कि इटावा से मिट्टी के पहाड़ गायब हो गए हैं और सरकार बनने के बाद उनकी जांच कर बरामदगी कराई जाएगी।
