बरेली में तीन, गाजीपुर और प्रयागराज में एक- एक की मौत
बरेली : यूपी में छोटी दीपावली (रविवार) को सड़क हादसों की दर्दनाक खबरों से लोग हिल गए। बरेली से लेकर गाजीपुर और प्रयागराज तक तेज़ रफ्तार और लापरवाही ने पांच परिवारों के चिराग बुझा दिए, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। बरेली देहात के शेरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव कुमारपुर निवासी 28 वर्षीय लालता प्रसाद की रविवार को सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि उसका साथी लेखपाल वीरपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक, दोनों फतेहगंज पश्चिमी किसी काम से जा रहे थे। रास्ते में खड़सर के पास एक तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में लालता प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वीरपाल को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके अलावा थाना सीबीगंज क्षेत्र के गांव नदोसी गांव निवासी 18 वर्षीय आकाश की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। बताया जाता है कि वह रेलवे ट्रैक पर सेल्फी ले रहा था।
बहेड़ी में बेटे के सामने मां की मौत
थाना बहेड़ी क्षेत्र के गांव गरीबपुर निवासी 50 वर्षीय सोमवती अपने बेटे नरेंद्र के साथ साइकिल से दवा लेने जा रही थीं,तभी गांव से कुछ दूरी पर एक तेज़ रफ्तार चारपहिया वाहन ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में सोमवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा नरेंद्र बाल-बाल बच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
गाजीपुर में ट्रैक्टर बना यमराज
गाजीपुर जिले के शादियाबाद थाना क्षेत्र में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में 14 वर्षीय सात्विक उर्फ हर्ष की मौत हो गई,जबकि उसके दो साथी प्रियांशु सिंह और सत्यम ठठेरा गंभीर रूप से घायल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों युवक बाइक पर सवार होकर हंसराजपुर से यूसुफपुर जा रहे थे। अंबेडकर मोड़ के पास एक तेज़ रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इसके साथ ही प्रयागराज में एक तेज रफ्तार कार ने एक की जान ले ली, जबकि करीब 10 लोग घायल हैं। कार सवार नशे में धुत था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। इसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
