सीसीटीवी में कैद हुआ दर्दनाक हादसा, बेकाबू कार ने कई लोगों को रौंदा
प्रतापगढ़/लखनऊ : यूपी के प्रतापगढ़ जिले के मानिकपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर दुकान के बाहर खड़े कई लोगों को रौंदती चली गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे का मंजर पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन कार चालक मौके से फरार है।
जानें हादसे का पूरा मामला
यह हादसा प्रयागराज-लखनऊ मार्ग पर कालाकांकर क्षेत्र में हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार, दुकान के बाहर कई लोग खड़े थे। तभी तेज रफ्तार कार अचानक बेकाबू हो गई और कई लोगों को रौंदती हुई आगे बढ़ गई। मधु प्रकाश सोनकर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अरविंद और शिल्पा समेत दो अन्य घायल व्यक्तियों को पहले सीएचसी कालाकांकर ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एम्स रायबरेली रेफर किया गया। इलाज के दौरान दो और लोगों की मौत हो गई। एक घायल की हालत नाजुक बनी हुई है।
सीसीटीवी फुटेज में कैद दर्दनाक दृश्य
हादसे का पूरा दृश्य पास की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुआ। फुटेज देखकर स्थानीय लोग दहल उठे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और आक्रोश का माहौल बन गया। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों का यह आरोप
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार गाड़ियों के चलते पहले भी हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों ने सड़क सुरक्षा बढ़ाने और ट्रैफिक नियंत्रण की माँग की है।
