बरेली : यूपी के बरेली की पीतांबरपुर (फरीदपुर) स्टेशन के पास मंगलवार रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दिख रहा है कि लखनऊ से बरेली जा रही एक ट्रेन से अचानक नोट गिरने लगे। रेलवे ट्रैक के पास मौजूद लोगों ने अपने मोबाइल की टॉर्च जलाकर सौ और पाँच सौ के नोट बटोरने में कोई देर नहीं की। वीडियो में कई लोग जमीन पर पड़े नोटों को लूटते दिख रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि ट्रेन की खिड़की से एक व्यक्ति ने बड़े थैले में भरकर नोट बाहर हवा में उड़ा दिए। हालाँकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि नोट असली थे या नकली। फरीदपुर इंस्पेक्टर राधेश्याम ने “The Justice HINDI” को बताया कि उन्हें अभी तक इस घटना की कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। इस मामले में बरेली जंक्शन के जीआरपी इंस्पेक्टर ने भी “The Justice HINDI” को जानकारी न होने की बात कही है। बोले- कई लोगों के कॉल आने के बाद वह जांच कर रहे हैं। पुलिस ने मामले की सत्यता की पुष्टि नहीं की है, लेकिन वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग सोशल मीडिया पर इसे लेकर चर्चा कर रहे हैं।
फरीदपुर स्टेशन के पास मठिया मंदिर के पास का मामला
स्थानीय लोगों ने दबीं जुंबा से बताया कि यह घटना मंगलवार देर रात फरीदपुर स्टेशन के पास मठिया मंदिर क्षेत्र में हुई। ट्रेन के भीतर से नोट गिरते देख लोग रेलवे ट्रैक पर दौड़ पड़े और टॉर्च जलाकर नोट बटोरने लगे। नोटों की बरसात के दृश्य ने पूरे इलाके में हलचल मचा दी है।
