एसपी चीफ बोले- भाजपा असली अपराधियों को बचा रही, पुलिस का दुरुपयोग कर रही सरकार, महंगाई और बेरोजगारी को बनाया मुद्दा
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि “झूठे और फर्जी एनकाउंटर प्रशासन को भ्रष्ट करते हैं। अदालत के अलावा किसी और द्वारा सज़ा देना खुद में एक बड़ा गुनाह है।” लखनऊ स्थित सपा कार्यालय से जारी बयान में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद प्रदेश में बड़े पैमाने पर फर्जी एनकाउंटर हुए हैं, जिनमें कई निर्दोष लोगों की जान गई और उनके परिवार पूरी तरह बर्बाद हो गए।
भाजपा शासन में पुलिस बेलगाम, कोर्ट भी जता चुका है नाराजगी
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के इशारे पर पुलिस प्रशासन बेलगाम हो चुका है और कानून को अपने हाथ में ले रहा है। उन्होंने कहा कि अब हालात ऐसे हो गए हैं कि खुद न्यायालय को भी पुलिस कार्यप्रणाली पर नाराजगी जाहिर करनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार असली अपराधियों को बचाने का काम कर रही है, जिसकी वजह से प्रदेश में अपराध, भ्रष्टाचार,मिलावटखोरी और हेराफेरी लगातार बढ़ रही है।
झांसी और नोएडा के मामले बताए फर्जी एनकाउंटर के उदाहरण
सपा प्रमुख ने झांसी में पुष्पेंद्र और नोएडा में हुए मामलों का जिक्र करते हुए उन्हें फर्जी एनकाउंटर का उदाहरण बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के संरक्षण में कुछ चहेते पुलिस अधिकारी मनमानी कर रहे हैं और कानून को ताक पर रखकर कार्रवाई कर रहे हैं।
तैनाती में भेदभाव, संविधान का हो रहा उल्लंघन
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की तैनाती में खुला भेदभाव किया जा रहा है।सरकार संविधान और कानून का पालन नहीं कर रही, बल्कि जनता में भय का माहौल पैदा करना चाहती है।
हर मोर्चे पर फेल भाजपा सरकार: अखिलेश यादव
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार कानून-व्यवस्था, महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे हर अहम मुद्दे पर पूरी तरह विफल हो चुकी है। प्रदेश की जनता अब बदलाव के मूड में है और 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के अन्यायी शासन का अंत तय है। अखिलेश यादव के इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर फर्जी एनकाउंटर और पुलिस व्यवस्था को लेकर बहस तेज हो गई है।

लखनऊ–कानपुर में सपा को बड़ी मजबूती, कई नेताओं ने थामा सपा का दामन
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व और पार्टी की नीतियों में आस्था जताते हुए लखनऊ कैंट विधानसभा और कानपुर की घाटमपुर विधानसभा से जुड़े कई लोगों ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। यह सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम सपा के राज्य मुख्यालय,विक्रमादित्य मार्ग लखनऊ में प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल के समक्ष आयोजित हुआ। सदस्यता लेने वालों में गुरुद्वारा समिति सदर कैंट लखनऊ के कार्यकारिणी सदस्य नरेन्द्र सिंह छाबड़ा सहित नवलजीत सिंह नागपाल, आत्मा सिंह, हरदीप सिंह नंदा, परमजीत सिंह लाली, सुरेन्द्र सिंह छाबड़ा, महेन्द्र सिंह छाबड़ा, जगजीत सिंह गांधी, रश्मित सिंह नागपाल और शिवम दीक्षित शामिल रहे। वहीं घाटमपुर विधानसभा, कानपुर से मुन्नालाल कठेरिया, राहुल भारती, जितेन्द्र कुशवाहा, सुभाष यादव और संदीप श्रीवास्तव ने भी सपा की सदस्यता ली।
मिशन 2027 का लक्ष्य
सभी नए सदस्यों ने 2027 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए पूरी ताकत से काम करने का संकल्प लिया। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने कहा कि नए साथियों के जुड़ने से पार्टी और मजबूत होगी तथा 2027 में भाजपा सरकार की विदाई तय है।
