सपा प्रमुख बोले – 2027 में 2024 से बेहतर प्रदर्शन करेगा सपा, सनातन के नाम पर अपमान का आरोप, शंकराचार्य मुद्दे पर घेरा
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ में उन्होंने कैराना लोकसभा क्षेत्र की सांसद इकरा हसन, पूर्व सांसद तबस्सुम हसन सहित अन्य प्रमुख नेताओं के साथ अहम बैठक की।बैठक में क्षेत्र के चुनावी समीकरण, एसआईआर की प्रगति और संगठन की मजबूती पर विस्तृत चर्चा हुई।
2027 में प्रदर्शन 2024 से भी बेहतर होगा: अखिलेश यादव

बैठक के बाद अपने संबोधन में अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी का प्रदर्शन 2024 से भी ज्यादा बेहतर होगा। भाजपा की चालाकी को हराने की ताकत लोकतंत्र में है।”उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा से मुक्ति चाहती है और पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की सरकार बनाने के लिए पूरी तरह संकल्पित है।
एसआईआर के बहाने एनआरसी की साजिश का आरोप
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि “एसआईआर के बहाने एनआरसी कराने की चालबाजी भाजपा का पुराना इरादा रहा है, लेकिन अब जनता सतर्क हो चुकी है।”उन्होंने कहा कि भाजपा नफरत और विभाजन की राजनीति करती है, जबकि समाजवादी पार्टी सद्भाव, विकास और सामाजिक न्याय की राजनीति करती है। भाजपा तोड़ने का काम करती है, समाजवादी जोड़ने का।
शंकराचार्य के अपमान पर भाजपा को घेरा

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार शंकराचार्य जी के साथ अमानवीय और अमर्यादित व्यवहार कर रही है। “जो खुद को सनातनी कहती है, वही सनातन धर्म का अपमान कर रही है। साधु-संतों का अपमान प्रदेश की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी और 2027 में भाजपा को करारा जवाब देगी।”
रालोद को पश्चिम यूपी में झटका, कई बड़े नेता सपा में शामिल
सपा की नीतियों और अखिलेश यादव के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख नेताओं ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। यह इकरा हसन की मौजूदगी में शामिल हुए। कैराना की सांसद इकरा हसन की उपस्थिति में रालोद के युवा प्रदेश सचिव राहुल सैनी सहित कई नेता सपा में शामिल हुए। इनमें देशराज सैनी (थाना भवन), ठा. मुन्ना सिंह उर्फ ब्रजभूषण सिंह, जयसिंह (चेयरमैन), अनूप सिंह रोड,राम मेहर गंदेवड़ा, शानू प्रधान मसावी अपने समर्थकों के साथ रालोद छोड़कर सपा में आए।
2027 में भाजपा जाएगी, सपा सरकार आएगी: अखिलेश
इस मौके पर अखिलेश यादव ने कहा कि इन नेताओं के शामिल होने से पार्टी को पश्चिमी यूपी में मजबूती मिलेगी। “2027 में भाजपा सरकार जाएगी और समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।” इस दौरान अखिलेश यादव को सीएम बनाने का संकल्प लिया। सपा में शामिल हुए नेताओं ने कहा कि वे “2027 में समाजवादी पार्टी को बहुमत से जिताकर अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे।
नो-मैपिंग मतदाताओं की सुनवाई को लेकर सपा का चुनाव आयोग में ज्ञापन
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सीएम अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश को ज्ञापन सौंपकर मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र में एसआईआर प्रक्रिया को लेकर गंभीर आपत्तियां दर्ज कराईं। ज्ञापन में मांग की गई है कि मैनपुरी, करहल, भोगांव और किशनी विधानसभा क्षेत्रों में नो-मैपिंग मतदाताओं की सुनवाई के लिए उनके निकटतम स्थानों पर सुनवाई स्थल बनाए जाएं और सुनवाई अधिकारियों (AERO) की संख्या बढ़ाई जाए।
10 से 15 किमी.दूर सुनवाई
सपा ने आरोप लगाया कि वर्तमान में मतदाताओं को 10 से 15 किमी.दूर सुनवाई स्थलों पर बुलाया जा रहा है। जिससे उन्हें भारी परेशानी हो रही है। सांसद डिंपल यादव की ओर से भी इस संबंध में लिखित शिकायत दी गई है। पार्टी ने मांग की कि एसआईआर के प्रथम चरण की तरह बीएलओ घर-घर जाकर नोटिस वितरित करें और दस्तावेज एकत्र करें, ताकि प्रक्रिया पारदर्शी और सुगम बन सके। सपा ने भोगांव विधानसभा के मोहल्ला मिर्धा में 2003 की मतदाता सूची उपलब्ध न होने से 400 से अधिक नाम गायब होने का मुद्दा भी उठाया और इसे प्रशासनिक लापरवाही बताया। ज्ञापन सौंपने वालों ने त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की है।
