अस्पतालों में डॉक्टर नहीं, एम्बुलेंस ठप, दवाएं भी गायब, 2027 में जनता करेगी भाजपा का इलाज
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर करारा प्रहार करते हुए कहा है कि “प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। अस्पतालों में डॉक्टर नहीं हैं,दवाएं नहीं हैं, एम्बुलेंस नहीं चल रही, ये है ‘डबल इंजन सरकार’ की असली तस्वीर।”उन्होंने कहा कि 9 साल की भाजपा सरकार में अस्पतालों का हाल इतना बदतर हो गया है कि गरीब जनता को इलाज के लिए तरसना पड़ रहा है। प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में न तो आधुनिक उपकरण हैं और न ही जरूरी संसाधन। मरीजों को क्वालिटी ट्रीटमेंट नहीं मिल रहा, और एम्बुलेंस सेवा (108 व 102) लगभग ठप पड़ी है।

स्वास्थ्य सेवाओं में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी चरम पर!
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में कमीशनखोरी, भ्रष्टाचार और अव्यवस्था ने स्वास्थ्य विभाग को बर्बाद कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि दवाओं और उपकरणों की सप्लाई में बड़ा घालमेल है। जिससे मरीजों की जान खतरे में पड़ रही है। कई जिलों के अस्पतालों में न डॉक्टर हैं, न नर्सें, न ऑक्सीजन प्लांट चालू हैं। “सरकार की लापरवाही से हर दिन हृदय विदारक खबरें सामने आ रही हैं। भाजपा सरकार ने पूरी व्यवस्था तहस-नहस कर दी है।
“मेडिकल कॉलेजों में भी बदहाली, सुविधाओं का अभाव
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी लखनऊ और अन्य बड़े शहरों के मेडिकल कॉलेजों व सरकारी अस्पतालों में भी मरीजों को समुचित इलाज नहीं मिल पा रहा। भारी भीड़ के बावजूद सुविधाएं नदारद हैं और सरकार मेडिकल कॉलेजों को आवश्यक बजट नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार के समय बनाए गए नए मेडिकल कॉलेज, लखनऊ कैंसर संस्थान जैसी संस्थाओं को भाजपा सरकार ढंग से संचालित नहीं कर पा रही है।
एम्बुलेंस सेवा पूरी तरह पंगु, प्रसूताओं को बैलगाड़ी से जाना पड़ रहा
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार आने के बाद 108 और 102 एम्बुलेंस सेवा लगभग खत्म हो गई है। अब हाल यह है कि प्रसूताओं को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए लोग अपनी गाड़ियों या बैलगाड़ियों का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने कहा, “सरकार के नाक के नीचे घटिया और जानलेवा सिरप की सप्लाई हुई, लेकिन स्वास्थ्य मंत्रालय चुप रहा। यह भ्रष्टाचार अब लोगों की जान से खेलने लगा है।”
“जनता 2027 में देगी जवाब
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार सिर्फ नफरत फैलाने और जनता का ध्यान भटकाने में लगी है “भाजपा सरकार जनता को न स्वास्थ्य दे सकी, न शिक्षा, न बिजली, न किसानों को खाद-बीज। अब जनता त्रस्त है और 2027 में भाजपा को हटाने के लिए तैयार है।”उन्होंने कहा कि जब भाजपा सत्ता से जाएगी तभी प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा।
