लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा तंज कसते हुए कहा है कि इससे पहले कि भाजपा अगला बजट पेश कर उसके नाम पर झूठा प्रचार करे, जनता का हक़ बनता है कि पिछले बजट की सच्चाई सामने लाई जाए।उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विकास नहीं, बल्कि आत्मप्रचार पर सौ प्रतिशत से भी ज़्यादा बजट खर्च कर रही है।
2027 चुनाव को लेकर अलर्ट मोड में सपा, “करो या मरो” का दिया संदेश
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव बेहद निर्णायक होने जा रहा है और इसके लिए समाजवादियों को पूरी ताकत और तैयारी के साथ मैदान में उतरना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं और विधायकों से “करो या मरो” की भावना के साथ समाजवादी सरकार बनाने का रास्ता प्रशस्त करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र, भाईचारा और सामाजिक सद्भाव की रक्षा के लिए भाजपा को सत्ता से हटाना समय की मांग है।
भाजपा सौ फीसदी असत्य के रास्ते पर, स्वस्थ राजनीति से कोई सरोकार नहीं
उन्होंने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मौजूदा सरकार पूरी तरह असत्य और छल की राजनीति पर चल रही है। उन्होंने भाजपा को “अपराधियों का गैंग” करार देते हुए कहा कि पार्टी का स्वस्थ और सकारात्मक राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि भाजपा 2027 के चुनाव में षड्यंत्रों से भी पीछे नहीं हटेगी, क्योंकि उसके पास संसाधनों की कोई कमी नहीं है, लेकिन इसके बावजूद भाजपा पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की एकजुटता से घबराई हुई है।
यूपी से भाजपा की विदाई, केंद्र की सत्ता तक असर डालेगी
सपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश से भाजपा सरकार की विदाई का सीधा असर केंद्र की राजनीति पर पड़ेगा और यह भाजपा की केंद्र सरकार की विदाई की दिशा में भी बड़ा कदम साबित होगा। उन्होंने योगी सरकार के विकास मॉडल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा राज में विकास के नाम पर जनता को सिर्फ धोखा मिला है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा “बच्चों को चॉकलेट और जनता को झुनझुना, यही मुख्यमंत्री जी का उत्तर प्रदेश मॉडल है।”उन्होंने यह भी आशंका जताई कि भाजपा प्रधानों के चुनाव तक टाल सकती है, ताकि जनता की आवाज़ को दबाया जा सके।
बजट पर सवाल: “जनता के लिए नहीं, प्रचार के लिए होता है यूपी का बजट”
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश का बजट जनता की भलाई के लिए नहीं, बल्कि सरकार के प्रचार और आंकड़ों की बाज़ीगरी के लिए इस्तेमाल किया जाता है।उन्होंने जनता से भाजपा के झूठ का पर्दाफाश करने की अपील की।भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियों पर निशाना साधते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा राज में देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है। उन्होंने कहा कि डब्ल्यूटीओ समझौतों और हालिया अमेरिका से हुए समझौते का सबसे बुरा असर कृषि क्षेत्र पर पड़ेगा।अखिलेश यादव ने आशंका जताई कि अमेरिका से दूध और शहद जैसे उत्पाद भारत आएंगे। इससे देश का बाजार बर्बाद होगा,छोटे किसान, लघु एवं मध्यम उद्योग संकट में आएंगे,और उपभोक्ताओं की समस्याएं बढ़ेंगी।
महंगाई, भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरेगी सपा
सपा प्रमुख ने कहा है कि आगामी बजट सत्र में सपा विधायक बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा और बिगड़ती कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरेंगे। सपा राज्य मुख्यालय में विधायकों की बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है, अपराधी जेल से भाग रहे हैं और उन्हें बचाने में बड़े अधिकारी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का यह आखिरी बजट होगा, जिससे जनता को कोई उम्मीद नहीं है। सरकार को न किसानों की चिंता है और न ही नौजवानों की। बढ़ती महंगाई पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि हालात ऐसे हो गए हैं कि गरीब परिवार बेटियों की शादी तक नहीं कर पा रहे हैं।
डील नहीं बल्कि “ढील”
अमेरिका के साथ ट्रेड डील को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि यह डील नहीं बल्कि “ढील” है, जिससे खेती, किसान और एमएसएमई पर संकट आएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने देश का बाजार विदेशियों के हाथों में सौंप दिया है।
सपा का संदेश साफ: भाजपा के झूठ से सावधान रहें
उन्होंने कहा अंत में जनता से अपील की कि वे भाजपा के झूठे प्रचार से सावधान रहें और सच्चाई को समझें। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ही प्रदेश में न्याय, समानता और वास्तविक विकास का विकल्प है।
