भोगनीपुर रैली में अखिलेश यादव का आरोप- वोटर लिस्ट में ‘SIR घपलेबाजी’ लोकतंत्र पर सीधा हमला, ड्राफ्ट रोल 3 माह बढ़ाने की मांग
पूर्व सीएम बोले- SIR के साथ जाति जनगणना भी कराएं
कानपुर देहात/लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को भोगनीपुर, कानपुर देहात में आयोजित जनसभा और बाद में जारी प्रेस नोट में वोटर लिस्ट में बड़े पैमाने पर ‘SIR घोटाले’ का आरोप लगाते हुए भाजपा और प्रशासन पर सीधा हमला बोला। उन्होंने विपक्षी दलों व NDA के सहयोगी दलों से भी “एकजुट होकर भाजपा के वोट -कटवा षड्यंत्र को उजागर करने” की अपील की। उन्होंने कहा कि SIR के साथ जाति जनगणना भी कराने की मांग की।
“आज वोट काट रहे हैं, कल खेत- ज़मीन-आरक्षण भी काट देंगे”: अखिलेश
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने बेहद कड़े शब्दों में कहा “SIR के बहाने यह लोग आरक्षण, नौकरी और आपके अधिकार छीन लेंगे।”“आज आपका वोट काटा जा रहा है, कल खेत, जमीन, मकान, राशन, जाति और आरक्षण से भी नाम काट दिया जाएगा।”“यह देश को अंग्रेज़ों की गुलामी से भी खराब स्थिति में ले जाने वाली साज़िश है।”उन्होंने जनता से अपील की कि वे अपने वोट की सुरक्षा के लिए तत्काल सक्रिय हों।
बीएलओ की मौत पर बड़ा बयान- “सरकार नौकरी और 1 करोड़ दे”
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मतदाता सूची पुनरीक्षण में लगी ड्यूटी के दौरान मृत हुए एक बीएलओ की घटना पर कहा- “बीएलओ की मौत हुई है, हम 2 लाख रुपये दे रहे हैं। चुनाव आयोग उसके परिवार को सरकारी नौकरी और 1 करोड़ रुपये दे।”उन्होंने आरोप लगाया कि बीएलओ पर प्रशासन द्वारा गलत विकल्प में डेटा भरने का दबाव डाला जा रहा है।
‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’ बयान पर भी निशाना
योगी सरकार के बयान “वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया” पर कटाक्ष करते हुए अखिलेश बोले-“बताओ, कौन बोल रहा था यह बात? खुद इनका इतिहास देख लो।”इसके साथ ही, उन्होंने मुख्यमंत्री के “गांधी जी के तीन बंदर” वाले बयान पर भी तंज कसा।
SIR घपलेबाजी का आरोप-करोड़ों वोट कटने की आशंका
समाजवादी पार्टी ने दावा किया है कि जिला अधिकारी, ADM (इलेक्शन), SDM (ERO) और सुपरवाइज़र बीएलओ पर दबाव डाल रहे हैं। गणना प्रपत्र को ‘थर्ड ऑप्शन’ में सबमिट करवाया जा रहा है, जिससे 9 दिसंबर को ड्राफ्ट रोल जारी होने पर करोड़ों मतदाताओं को नोटिसें भेजी जाएंगी। दस्तावेज़ों की जांच पूरी न कर पाने पर 7 फरवरी 2026 की अंतिम मतदाता सूची में लाखों- करोड़ों नाम कट जाएंगे।
ड्राफ्ट रोल 3 महीने बढ़ाने की मांग
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि “गणना प्रपत्र की दिक्कतों को देखते हुए ड्राफ्ट रोल का प्रकाशन 3 महीने आगे बढ़ाया जाए और नए सिरे से फॉर्म भरे जाएं।”
“भाजपा-सरकार- कुछ अफसरों की तिकड़ी चुनाव व्यवस्था का अपहरण कर रही है”
प्रेस बयान में समाजवादी पार्टी ने आरोप लगाया कि “भाजपा, उसके संगी-साथी और कुछ भ्रष्ट अधिकारी मिलकर पूरी चुनावी प्रक्रिया का अपहरण कर रहे हैं।”पार्टी ने जनता से आह्वान किया कि “देश को इस सरेआम लूट से बचाने के लिए हर नागरिक आगे आए।”
