मुरादाबाद/लखनऊ : यूपी के मुरादाबाद जिले के नागफनी थाना क्षेत्र में 3 अगस्त को बुर्का पहने एक महिला से की गई शर्मनाक हरकत के आरोपी आदिल सैफी को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की टांग में गोली लगी है, और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आदिल सैफी एक प्राइवेट हॉस्पिटल में नर्सिंग स्टाफ के रूप में कार्यरत है। महिला जब बाजार से घर लौट रही थी, तभी आरोपी ने पीछे से आकर उसके निजी अंग छुए, और गली में भाग गया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें भागते हुए आरोपी का चेहरा साफ नजर आ रहा है। वायरल वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर भारी विरोध शुरू हो गया। लोगों ने मुरादाबाद पुलिस को टैग कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। मुरादाबाद पुलिस ने आरोपी की पहचान कर विशेष टीम गठित की।
पुलिस मुठभेड़ में पैर में लगी गोली
मुठभेड़ में आदिल सैफी के पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे धर दबोचा गया। उसके पास से बिना नंबर प्लेट की बाइक, अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं। अस्पताल में भर्ती आदिल का एक और वीडियो वायरल हुआ है। इसमें वह पुलिस के सामने कान पकड़कर माफी मांगता दिख रहा है।
