BLOs पर बढ़ते प्रेशर से मौतें?, सपा प्रमुख बोले- सरकार जिम्मेदार! संविधान तभी बचेगा जब वोट बचेगा
लखनऊ : यूपी में Special Intensive Revision (SIR) को लेकर सियासत तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि इस प्रक्रिया के बहाने सरकार 3 करोड़ से अधिक मतदाताओं के नाम काटने की साजिश कर रही है। उनका दावा है कि बीएलओ पर “फॉर्म जितनी जल्दी हो सके भरने” का भारी दबाव डाला जा रहा है, जिसकी वजह से कई BLO अपनी जान गंवा चुके हैं। सपा प्रमुख ने कहा कि गोंडा में यादव समुदाय के एक शिक्षक और फतेहपुर में कोइरी समुदाय के एक शिक्षक ने दबाव में आकर सुसाइड कर लिया। इनमें से एक की जल्द शादी होने वाली थी। उन्होंने कहा कि “यह प्रशासनिक प्रेशर की त्रासदी है। इसके साथ ही बरेली में हार्ट अटैक से बीएलओ की मौत हो गई। BLOs के हालात बहुत खराब हैं।”
पूर्व सीएम के बड़े आरोप

उन्होंने कहा कि “यूपी में 3 करोड़ वोट काटने की तैयारी है। सपा प्रमुख अखिलेश ने कहा कि “BLOs पर इतना प्रेशर है कि वे 99.99% फॉर्म बांट चुके बताए जा रहे हैं। लेकिन सच्चाई यह है कि यह सरकार बड़ी संख्या में नाम कटाने की तैयारी कर रही है।”उन्होंने कहा कि SIR के दौरान BLOs को ऐसे टार्गेट दिए जा रहे हैं जो असंभव हैं, और यही वजह है कि कई BLO तनाव में खुदकुशी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि “मताधिकार संविधान का सबसे बड़ा अधिकार है। लेकिन SIR के नाम पर जनता को वोट देने से दूर किया जा रहा है। यह लोकतंत्र पर हमला है।”
अखिलेश का हमला-बीजेपी और इलेक्शन कमीशन एक!

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि पूरा सिस्टम सरकार के दबाव में काम कर रहा है। “बीजेपी और इलेक्शन कमीशन एक हैं… SIR का इस्तेमाल खतरनाक तरीके से मतदाता सूची बदलने के लिए किया जा रहा है।”
संविधान दिवस पर भी वार-“संविधान को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाया भाजपा ने
उन्होंने कहा कि बीजेपी संविधान दिवस तो मना रही है, पर संविधान के मूल अधिकारों को कमजोर कर रही है। “बाबा साहेब ने जो सबसे बड़ा अधिकार दिया वो है वोट… वही खतरे में है।”
बंगाल में भी ‘नागरिकता’ के नाम पर साजिश का आरोप
पूर्व सीएम अखिलेश ने कहा कि भाजपा पश्चिम बंगाल में बांग्लादेश मुद्दे का इस्तेमाल लोगों की नागरिकता और वोट पर प्रभाव डालने के लिए कर रही है।
“हम जन्म से धार्मिक हैं… PDA हमारी लड़ाई है”

धर्म पर सवाल होने पर अखिलेश बोले कि “मेरी छठी मनाई गई थी, जो हिंदू परंपरा में होती है। हम जन्म से धार्मिक हैं। उनकी छठी हुई थी या नहीं, यह पूछा जाना चाहिए।”उन्होंने PDA (यानी Pichde- Dalit- Alpsankhyak / या Aadhi Aabadi बताई जाने वाली उनकी नई राजनीतिक लाइन) को दोहराते हुए कहा कि “हर पीड़ित, अपमानित व्यक्ति PDA के साथ है… अगली सरकार PDA की बनने जा रही है।”
अखिलेश यादव ने फरहान अख्तर संग देखी ‘120 बहादुर’, कहा- “दुनिया की सबसे बहादुर सेना भारत की”

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बुधवार को लखनऊ के पलासियो मॉल में अभिनेता-निर्देशक फरहान अख्तर के साथ उनकी नई फिल्म ‘120 बहादुर’ देखी। यह फिल्म 1962 के भारत- चीन युद्ध के दौरान रेजांगला पोस्ट पर लड़े गए ऐतिहासिक युद्ध और 120 अहीर सैनिकों के अदम्य शौर्य पर आधारित है, जिनका नेतृत्व मेजर शैतान सिंह (परमवीर चक्र) ने किया था। फिल्म देखने के बाद अखिलेश यादव ने कहा कि “हमारी सेना दुनिया की सबसे बहादुर सेना है। कठिन परिस्थितियों में जवान मातृभूमि की रक्षा करते हैं। फिल्म में दिखाया गया साहस नई पीढ़ी को जरूर देखना चाहिए।”उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी ने अपने घोषणा पत्र में अहीर रेजीमेंट की मांग भी शामिल की थी। अखिलेश ने कहा कि “जितनी भी रेजिमेंट की मांगें हैं, सरकार को सभी की रेजीमेंट बनानी चाहिए, ताकि अधिक से अधिक नौजवान सेना में भर्ती होकर देश सेवा कर सकें।”उन्होंने ने भाजपा सरकार पर विदेश नीति को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि “इस सरकार में देश की सीमाएं सुरक्षित नहीं हैं। चीन सीमा पर घुसपैठ कर रहा है और भारत का बाजार चीनी सामान से भरा पड़ा है।”फिल्म देखने के दौरान सपा विधायकों और कार्यकर्ताओं ने भी सैनिकों की बहादुरी की सराहना की। अखिलेश यादव ने फरहान अख्तर और फिल्म की पूरी टीम को बधाई दी।
