महराजगंज : एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां गोरखपुर पुलिस की स्कॉर्पियो गाड़ी पेड़ से टकरा गई। इस भीषण दुर्घटना में एक दरोगा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला दरोगा समेत चार पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ, जब पुलिस टीम दबिश देकर कुशीनगर से गोरखपुर लौट रही थी।
जानकारी के मुताबिक यह हादसा मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के कतरारी इलाके में हुआ। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो हाईवे पर अचानक अनियंत्रित हो गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वाहन चालक को झपकी आ गई, जिससे स्कॉर्पियो पहले डिवाइडर पर चढ़ी और फिर सीधे सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए गाड़ी में फंसे पुलिसकर्मियों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया। दुर्घटना की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें घायल पुलिसकर्मी सड़क पर तड़पते हुए दिखाई दे रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, गोरखपुर के रामगढ़ताल थाना की टीम जालसाजी के एक मामले में खड्डा क्षेत्र में दबिश देने गई थी। टीम में एसएसआई रमेश चंद्र कुशवाहा, दरोगा संतोष कुमार, महिला दरोगा गीता, दो कॉन्स्टेबल और चालक शामिल थे। कार्रवाई के बाद सभी लोग स्कॉर्पियो से गोरखपुर लौट रहे थे। हादसे के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज लाया गया। इलाज के दौरान दरोगा संतोष कुमार ने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों के मुताबिक एसएसआई रमेश चंद्र कुशवाहा और महिला दरोगा गीता की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि चालक खतरे से बाहर बताया जा रहा है। दो अन्य पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें आई हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया। मृतक दरोगा संतोष कुमार बिहार के सिवान जिले के सहसरांव गांव के रहने वाले थे और वर्तमान में गोरखपुर में तैनात थे। घटना की जानकारी मिलते ही उनके परिजन गोरखपुर के लिए रवाना हो गए हैं। इस दर्दनाक हादसे से पुलिस विभाग में शोक की लहर है, वहीं एक बार फिर तेज रफ्तार और थकान में वाहन चलाने के खतरे सामने आए हैं।
