बाराबंकी : जिले के फतेहपुर-भनौली मार्ग पर शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। ग्राम झांसा के पास सड़क किनारे सो रहे एक ही परिवार को तेज रफ्तार डंपर ने कुचल दिया। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर लोग मौके पर दौड़ पड़े।
गर्मी से परेशान होकर सड़क किनारे सोया था परिवार
जानकारी के अनुसार ग्राम झांसा निवासी नीरज चौहान (36) अपनी पत्नी आरती चौहान (34) और तीन बच्चों अनुराग (12), आशू (8) और आंशिका (10) के साथ घर के बाहर सड़क किनारे मच्छरदानी लगाकर सो रहे थे। भीषण गर्मी के कारण परिवार बाहर सोने को मजबूर हुआ था।
तेज रफ्तार डंपर ने कुचला, मौके पर मचा हड़कंप
सुबह करीब तीन बजे महमूदाबाद की ओर से आ रहा एक अनियंत्रित तेज रफ्तार डंपर सड़क किनारे सो रहे परिवार पर चढ़ गया। हादसा इतना भयावह था कि नीरज चौहान और उनके बड़े बेटे अनुराग की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
इलाज के दौरान मासूम बच्चों ने भी तोड़ा दम
घटना में गंभीर रूप से घायल आरती चौहान, आशू और आंशिका को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में दोनों मासूम बच्चों ने दम तोड़ दिया। आरती चौहान की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
गांव में मातम, पुलिस जांच में जुटी
इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से हर आंख नम है। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रशासन मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है।
