लखनऊ : यूपी की राजधानी लखनऊ में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। मॉर्निंग वॉक से लौट रहे सगे भाई-बहन को तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे परिवार और इलाके में मातम पसर गया।
हादसा ठाकुरगंज के बजरंग नगर मोड़ पर हुआ
यह दर्दनाक हादसा ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के न्यू हैदरगंज स्थित बजरंग नगर मोड़ पर हुआ। बताया गया कि सुबह करीब 5 बजे श्वेता (23) घर से वॉक पर निकली थीं। कुछ देर बाद उनका भाई अतुल कुमार (21) बाइक से उन्हें लेने पहुंचा। दोनों घर लौट रहे थे कि तभी ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद गंभीर रूप से घायल हुए दोनों
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों भाई-बहन सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। दोनों को गंभीर हालत में लखनऊ ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
चालक मौके से फरार, ट्रैक्टर जब्त
ठाकुरगंज इंस्पेक्टर ने बताया कि हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर और बाइक को कब्जे में लेकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
परिवार में मचा कोहराम, इलाके में शोक
इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। मोहल्ले में गम का माहौल है। पड़ोसी और रिश्तेदार परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में तेज रफ्तार वाहनों की वजह से अक्सर हादसे होते रहते हैं, लेकिन प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा।
