कश्मीर आतंकी हमले की पीड़ा से आहत, ऐशान्या द्विवेदी ने कहा- पाकिस्तान से मैच न खेलें
नई दिल्ली / कानपुर / लखनऊ : एशिया कप 2025 का आगाज हो चुका है, और 14 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच हाई वोल्टेज मुकाबला खेला जाना है। लेकिन मैच से पहले विरोध का स्वर तेज हो गया है। कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों द्वारा 22 अप्रैल, 2025 को धर्म पूछकर 26 निर्दोष लोगों की हत्या किए जाने की घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया था। इन्हीं शहीदों में कानपुर के रहने वाले शुभम द्विवेदी भी शामिल थे, जो शादी के बाद अपनी पत्नी ऐशान्या के साथ हनीमून मनाने पहलगाम गए थे। आतंकियों ने पत्नियों के सामने उनके पतियों की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
भारत- पाक मैच का करें विरोध
अब इसी घटना को लेकर शुभम की पत्नी ऐशान्या द्विवेदी ने भारत -पाकिस्तान क्रिकेट मैच का विरोध करते हुए बहिष्कार की अपील की है। ऐशान्या ने कहा,“पाकिस्तान के साथ मैच खेलना उन शहीद 26 लोगों के जख्मों पर नमक छिड़कना है। पाकिस्तान को मिलने वाले पैसे आतंकवाद के लिए इस्तेमाल होंगे। टीवी मत चालू करें, इस मैच का बहिष्कार करें। स्पॉन्सर और ब्रॉडकास्टर को भी सोचना चाहिए कि उनकी राष्ट्रीयता केवल 26 परिवारों तक सीमित नहीं है।”
खेल की आड़ में आतंकवाद को न दें बढ़ावा
उन्होंने आगे कहा कि देश की भावनाओं का ध्यान रखा जाना चाहिए और खेल की आड़ में आतंकवाद को बढ़ावा देना स्वीकार्य नहीं है। ऐशान्या ने लोगों से अपील की है कि वे मैच का विरोध करें और देशहित में आवाज उठाएँ। इस विवाद के चलते बीसीसीआई के बड़े अधिकारी दुबई में आयोजित मैच को लेकर उपस्थित नहीं हुए हैं। दुबई के स्टेडियम में यह मैच खेला जाएगा, लेकिन भारत में इसे लेकर विरोध बढ़ता जा रहा है।
