बरेली: बरेली के अर्बन हाट में मंगलवार को अपना दल (एस) का स्थापना दिवस जबरदस्त जोश और उत्साह के साथ मनाया गया। मंच झंडों से सजा था, नारों से हॉल गूंज रहा था और कार्यकर्ताओं का उत्साह पूरी तरह चुनावी रंग में दिखाई दे रहा था। पूर्वांचल से लेकर पश्चिम यूपी तक से सैकड़ों कार्यकर्ता बसों में भरकर बरेली पहुंचे।
अनुप्रिया पटेल ने भरी हुंकार
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा — “बरेली की यह भीड़ हमारी पार्टी के लिए नई ऑक्सीजन है। जितने लोग हॉल में हैं, उतने ही बाहर खड़े हैं। बरेली ने बता दिया कि अब अपना दल (एस) सिर्फ पूर्वांचल की नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की ताकत है।” उन्होंने आगे कहा कि अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी पार्टी की जमीन मजबूत हो चुकी है।
विपक्ष पर साधा निशाना
अनुप्रिया पटेल ने अपने भाषण में विपक्ष पर सीधा हमला बोलते हुए कहा — “विपक्ष के मित्र हमारे SIR को लेकर झूठा भ्रम फैला रहे हैं, जबकि SIR का उद्देश्य केवल फेक वोटर्स को हटाना है, किसी को डराना नहीं। जो फर्जी वोटर हैं, वे हटेंगे — लेकिन सच्चे मतदाता की ताकत और बढ़ेगी।”
आशीष पटेल ने बढ़ाया जोश
कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने मंच से कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया और मजाकिया लहजे में कहा —
“मैं बरेली वालों से कुछ पूछना चाहता था, लेकिन अब नहीं पूछूंगा, क्योंकि अगर पूछता तो आपको पूछ लग जाती।” मंच ठहाकों से गूंज उठा। उन्होंने घोषणा की कि अगला स्थापना दिवस खुले मैदान में आयोजित किया जाएगा ताकि हर कार्यकर्ता तक पार्टी की आवाज पहुंचे।
