नई दिल्ली/लखनऊ: संसद के मानसून सत्र का छठा दिन भी भारी हंगामे की भेंट चढ़ गया। विपक्ष के लगातार विरोध और नारेबाजी के चलते लोकसभा की कार्यवाही बाधित हो गई। इस पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और गौरव गोगोई का नाम लेकर कड़ी फटकार लगाई। ओम बिरला बोले”आपको पर्चे फेंकने नहीं भेजा गया!” ओम बिरला ने सदन में गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि “मिस्टर गोगोई, आपने कहा था ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा होनी चाहिए, फिर आप ही सदन बाधित कर रहे हैं। प्रश्नकाल देश के लिए सबसे ज़रूरी समय होता है। आप क्यों नहीं चाहते कि सदन चले?”
नेता प्रतिपक्ष को लिया निशाने पर
लोकसभा स्पीकर ने प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि “आपके दल के सांसद तख्तियां लहरा रहे हैं। पर्चे फेंक रहे हैं। क्या इसके लिए उन्हें सदन भेजा गया है?”।”देश जानना चाहता है कि आप प्रश्नकाल क्यों नहीं चलने दे रहे। आज शिक्षा, श्रम, पर्यावरण जैसे अहम मंत्रालयों पर सवाल जवाब होने थे।”
लोकतंत्र और मर्यादा पर उठे सवाल
स्पीकर ने कहा, “यह सदन देश की 140 करोड़ जनता की अभिव्यक्ति की सर्वोच्च संस्था है। इसमें इस तरह का व्यवधान मर्यादा के खिलाफ है। चर्चा में भाग लो, नियमों का पालन करो, लेकिन नारेबाजी और ड्रामा सदन की गरिमा को चोट पहुंचाता है।”
