शाहजहांपुर/बरेली : शाहजहांपुर जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां खुदागंज थाना क्षेत्र के गांव पहाड़ीपुर भूपत निवासी प्रॉपर्टी डीलर कुलवंत गंगवार (30) का शव पौकी गांव के सामने रेलवे लाइन किनारे पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार कुलवंत गंगवार बरेली में रहकर प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। शनिवार रात वह अपने पैतृक गांव पहाड़ीपुर भूपत आए थे। परिजनों के मुताबिक, रात में खाना खाने के बाद करीब दस बजे वह बाइक लेकर घर से निकल गए। मृतक के छोटे भाई रोहित गंगवार ने बताया कि कुलवंत मीरानपुर कटरा क्षेत्र के पौकी गांव में रेलवे लाइन किनारे स्थित आवासीय प्लाटों की साइट देखने की बात कहकर गए थे।
रविवार सुबह ग्रामीणों ने पौकी गांव के सामने डाउन रेलवे लाइन के किनारे एक युवक का शव पड़ा देखा। सिर से खून बह रहा था और बायां पैर टूटा हुआ था। इसकी सूचना तत्काल स्टेशन अधीक्षक मोहम्मद हनीफ को दी गई, जिन्होंने पुलिस को अवगत कराया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव की शिनाख्त कराई गई।
शव की पहचान होते ही मृतक की मां पुष्पा देवी, छोटी बहन ज्योति गंगवार, बड़ी बहन पिंकी गंगवार और भाई रोहित गंगवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों का कहना है कि कुलवंत पारिवारिक कारणों से नाराज थे, जिसके चलते वह रात में घर से चले गए थे। परिवार इस अचानक हुई मौत से गहरे सदमे में है।
थाना प्रभारी निरीक्षक अवधेश सेंगर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि कुलवंत गंगवार ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी पड़ताल की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना हादसा थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण। फिलहाल गांव और परिजनों में शोक का माहौल है।
