बदायूं : जिले के सहसवान नगर में हरदत्तपुर रोड स्थित सेवा हॉस्पिटल के खिलाफ तहसील प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सील कर दिया। उपजिलाधिकारी सहसवान के निर्देश पर मंगलवार को हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र के निजी अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई की सूचना फैलते ही कई अस्पताल संचालकों ने अपने संस्थानों पर ताला लगा दिया।
नोटिस के बाद भी अस्पताल संचालक नहीं दिखा सका रजिस्ट्रेशन
जानकारी के मुताबिक, 25 मई 2026 को प्रशासनिक टीम ने सेवा हॉस्पिटल संचालक हर्ष यादव को नोटिस जारी कर अस्पताल के वैध पंजीकरण दस्तावेज पेश करने के निर्देश दिए थे। मंगलवार को संचालक उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे, लेकिन वह अस्पताल के रजिस्ट्रेशन की वैध प्रति प्रस्तुत नहीं कर सके। प्रशासन ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए तत्काल कार्रवाई का फैसला लिया।
नायब तहसीलदार और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने की सीलिंग
उपजिलाधिकारी के आदेश के बाद नायब तहसीलदार मोहित कुमार, सीएचसी सहसवान के एमओआईसी डॉ. प्रशांत त्यागी, कृष्ण बल्लभ चतुर्वेदी और सैय्यद अशफाक हुसैन की मौजूदगी में अस्पताल को सील किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर विधिक प्रक्रिया पूरी कर अस्पताल पर सील लगा दी। प्रशासन का कहना है कि बिना वैध पंजीकरण किसी भी अस्पताल का संचालन नियमों के खिलाफ है।
अवैध अस्पतालों में मचा हड़कंप, प्रशासन ने भेजी रिपोर्ट
सेवा हॉस्पिटल पर कार्रवाई के बाद नगर के कई निजी क्लीनिक और अस्पताल संचालकों में डर का माहौल देखने को मिला। कई संचालकों ने अपने अस्पताल बंद कर दिए। तहसील प्रशासन ने पूरी कार्रवाई की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और क्लीनिकों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
रिपोर्ट-आसिम अली
