मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़ा एक बेहद संवेदनशील और दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां कई वर्षों से अपने प्रेमी के साथ रह रही एक युवती ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर वह खुद शिकायत लेकर थाने पहुंची, जहां से पुलिस ने उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान युवती की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
घटना मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र स्थित नया मुरादाबाद की है। पुलिस के अनुसार, मृतका युवती पिछले कई वर्षों से प्रभात सक्सेना नामक व्यक्ति के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। दोनों नया मुरादाबाद क्षेत्र में किराए के मकान में साथ रहते थे। बताया जा रहा है कि प्रभात सक्सेना पहले से शादीशुदा है, बावजूद इसके वह युवती के साथ लंबे समय से रह रहा था।
जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर 6 जून को युवती ने मझोला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर उनकी काउंसलिंग कराई थी। पुलिस ने समझौते और बातचीत के बाद दोनों को वापस घर भेज दिया था। परिजनों और पुलिस जांच में सामने आया है कि काउंसलिंग के बाद भी दोनों के बीच संबंध सामान्य नहीं हो सके। आरोप है कि प्रभात सक्सेना ने युवती के साथ आगे रहने से इंकार कर दिया। इससे युवती मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई। बताया जा रहा है कि इसी तनाव के चलते उसने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया।
जहरीला पदार्थ खाने के बाद युवती दोबारा अपनी शिकायत लेकर मझोला थाने पहुंची। थाने पहुंचने के दौरान उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही थी। पुलिसकर्मियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी हालत लगातार नाजुक बनी रही। काफी प्रयासों के बावजूद डॉक्टर युवती की जान नहीं बचा सके और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवती की मौत की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में भी हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
घटना की सूचना मिलने पर मृतका के परिजन भी अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने युवती की मौत के लिए प्रभात सक्सेना को जिम्मेदार ठहराया। मृतका के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि प्रभात के व्यवहार और उसके द्वारा साथ रहने से इंकार करने के कारण उनकी बेटी मानसिक रूप से टूट गई थी, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी प्रभात सक्सेना के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
रिपोर्ट:रेहान,मुरादाबाद
