रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
लखनऊ : रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को लखनऊ स्थित ब्रह्मोस एयरोस्पेस यूनिट का दौरा कर पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ” और जो हासिल हुआ वह तो सिर्फ उसका “ट्रेलर” था। राजनाथ ने कहा कि जीत हमारी आदत है और उसे और मजबूत बनाए रखना होगा। उन्होंने कहा कि दुश्मन समझ चुका है कि उसकी जमीन हमारी ब्रह्मोस मिसाइल की पहुंच में है।
इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे। दोनों ने ब्रह्मोस एयरोस्पेस यूनिट में नए बनाए गए बूस्टर और वारहेड बिल्डिंग का उद्घाटन किया और धनतेरस के दिन ब्रह्मोस मिसाइलों की पहली खेप रवाना करते हुए वर्चुअल ब्रह्मोस हमले का सुकोई (SU-30) विमान से प्रदर्शन देखा।
ब्रह्मोस एयरोस्पेस यूनिट को 11 मई 2025 को स्थापित किया गया था और यह मिसाइल इंटीग्रेशन, टेस्टिंग व क्वालिटी एग्जामिनेशन जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस है। रक्षा मंत्री ने इस क्षमता को देश की सुरक्षा के लिए अहम बताते हुए कहा कि अब भारत की ताकत और निर्णायक हो चुकी है।
राजनाथ सिंह के बयान का संदर्भ ऑपरेशन सिंदूर से जोड़ा गया अधिकारी बताते हैं कि ब्रह्मोस ने इस ऑपरेशन के दौरान पाकिस्तान के सैन्य ढाँचे पर असर डाला था। मुख्यमंत्री और केंद्रीय नेतृत्व ने मिलकर यह संकेत दिया कि भारत सुरक्षा और आत्मनिर्भर रक्षा क्षमताओं को और मजबूत कर रहा है। रक्षा उत्पादन व तत्परता को बढ़ाने के उद्देश्य से इस यूनिट के कार्यों को त्वरित और व्यापक रूप से आगे बढ़ाने पर ज़ोर दिया गया।
