साहिबाबाद के पास कोयला लदी मालगाड़ी के छह डिब्बे पटरी से उतरे, कई ट्रेनें डायवर्ट और निरस्त
बरेली : उत्तर रेलवे (एनआर) दिल्ली मंडल के नई दिल्ली -गाजियाबाद रेलखंड पर साहिबाबाद के पास कोयला लदी मालगाड़ी के छह डिब्बे पटरी से उतरने के बाद रेल संचालन प्रभावित हो गया। इस घटना का असर बरेली होकर गुजरने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों पर भी पड़ा। रेलवे के अनुसार 62 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं, जिनमें 24 ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित (डायवर्ट) किया गया है, जबकि पांच ट्रेनों को आंशिक रूप से निरस्त किया गया है। कई अन्य ट्रेनों को रास्ते के स्टेशनों पर नियंत्रित और रीशेड्यूल कर चलाया जा रहा है।
बरेली जंक्शन पर यात्रियों की बढ़ी परेशानी
ट्रेनों के विलंब और मार्ग परिवर्तन का असर बरेली जंक्शन पर भी देखने को मिला। लंबी दूरी की ट्रेनों के प्रभावित होने के कारण 247 यात्रियों ने अपने टिकट निरस्त करा दिए। पहले से विभिन्न रेलखंडों पर चल रहे ब्लॉक के कारण ट्रेनों का संचालन प्रभावित था, ऐसे में इस हादसे ने यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ा दीं।
युद्ध स्तर पर बहाली का काम, यात्रियों से धैर्य रखने की अपील
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटनास्थल पर राहत एवं बहाली कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में ट्रैक को जल्द से जल्द सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।यात्रियों की सुविधा को देखते हुए ट्रेनों का संचालन वैकल्पिक मार्गों से कराया जा रहा है और आवश्यकतानुसार उन्हें नियंत्रित भी किया जा रहा है। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी है।
