कानपुर/लखनऊ: शनिवार सुबह उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। लगातार हो रही बारिश के कारण रेलवे ट्रैक की मिट्टी धंस गई। जिससे कालिंदी एक्सप्रेस की रफ्तार पर अचानक असर पड़ा। ट्रेन जैसे ही मरियानी अंडरपास के पास पहुंची। लोको पायलट (ट्रेन चालक) को तेज़ झटका महसूस हुआ। उसने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। यह सूझबूझ भरा कदम सैकड़ों यात्रियों की जान बचा गया।
लोको पायलट की सतर्कता से टला हादसा
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रैक धंसने की वजह से झटका लगा था। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे इंजीनियरों की टीम मौके पर पहुंची और 45 मिनट में मरम्मत कार्य कर ट्रेन को आगे रवाना किया गया। इस दौरान यात्री डरे-सहमे नजर आए और कुछ लोग ट्रेन से नीचे उतर गए थे।
भारी बारिश बनी मुसीबत
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश के कारण जलभराव, मकान गिरने, और सड़कें टूटने जैसी समस्याएं सामने आई हैं। कई स्थानों पर रेलवे ट्रैक की मिट्टी बह गई है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और भारी बारिश और तेज़ हवाओं का अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
जानें क्या बोले रेलवे अफसर
रेल प्रशासन ने मीडिया को बताया कि चालक की तत्परता और ब्रेक लगाने के निर्णय से बड़ी अनहोनी टल गई। लगातार बारिश से ट्रैक की निगरानी बढ़ा दी गई है।
