लखनऊ : कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मंगलवार को एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट, लखनऊ में पेश हुए। यह पेशी भारतीय सेना के खिलाफ कथित अमर्यादित टिप्पणी के मामले में हुई, जो उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान की थी। कोर्ट ने उन्हें आरोपी के तौर पर समन जारी किया था। जिसे राहुल गांधी ने इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच में चुनौती दी थी, लेकिन वहां से उन्हें कोई राहत नहीं मिली। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस के नेता भी मौजूद रहे। हालांकि, कई नेताओं की कार कोर्ट के गेट पर ही रोक दी गई। जिसके चलते कांग्रेस नेताओं ने नाराजगी भी जताई।
जानें पूरा मामला?
इस मामले में बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन (BRO) के पूर्व निदेशक उदय शंकर श्रीवास्तव ने शिकायत की थी। आरोप है कि यह कथित बयान 16 दिसंबर 2022 को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान दिया गया था। बताया जाता है कि यह टिप्पणी 9 दिसंबर 2022 को भारत-चीन झड़प से जुड़ी थी शिकायत में आरोप लगाया गया कि राहुल गांधी ने कहा था कि “चीनी सेना हमारे सैनिकों को पीट रही है, और भारतीय मीडिया कोई सवाल नहीं पूछ रही।”इस बयान से भारतीय सेना के जवानों और उनके परिवारों का मनोबल प्रभावित हुआ।
एमपी-एमएलए कोर्ट ने तलब किया राहुल को
लखनऊ की एमपी-एमएलए कोर्ट ने राहुल को तलब किया था। उन्होंने हाईकोर्ट में समन को चुनौती दी, लेकिन राहत नहीं मिली। अब मामला सुनवाई के लिए कोर्ट में लंबित है।
