लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण हादसा, तेज रफ्तार कार पुलिया की रेलिंग से टकराई; चालक को झपकी आने की आशंका
रायबरेली: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस लिखी तेज रफ्तार क्रेटा कार पुलिया की रेलिंग से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में रायबरेली दीवानी न्यायालय में तैनात एक सिपाही समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, मृतक सिपाही महाराज सिंह (50) मूल रूप से जालौन के रहने वाले थे और वर्तमान में परिवार के साथ लखनऊ में रहते थे। वह रायबरेली दीवानी न्यायालय में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे। चार दिन की छुट्टी के बाद बुधवार सुबह अपनी क्रेटा कार से ड्यूटी जॉइन करने के लिए लखनऊ से रवाना हुए थे। रास्ते में उन्होंने चार लोगों को लिफ्ट भी दी थी।
हादसे में सिपाही महाराज सिंह, लालगंज के सरेनी निवासी चंद्रपाल सिंह (72) तथा एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं बछरावां के मोहम्मद रियान (25) और लखनऊ के तेलीबाग निवासी रजत साहू (34) गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
यह हादसा बछरावां थाना क्षेत्र के खैरहनी चौराहे के पास लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार किसी अन्य वाहन से नहीं टकराई, बल्कि सीधे पुलिया की रेलिंग में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का बोनट पूरी तरह पिचक गया और आगे बैठे लोग वाहन में फंस गए।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में चालक को नींद की झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। दुर्घटना के बाद हाईवे पर जाम लग गया था, जिसे पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन हटाकर सामान्य कराया।