नई दिल्ली : मणिपुर में राजनीतिक हालात को लेकर आज बड़ी और अहम खबर सामने आई है। केंद्र सरकार ने बुधवार को मणिपुर से राष्ट्रपति शासन हटा लिया है, जिसके साथ ही राज्य में एक बार फिर चुनी हुई सरकार के गठन का रास्ता साफ हो गया है। राष्ट्रपति शासन हटने के बाद युमनाम खेमचंद सिंह के नेतृत्व में बीजेपी की अगुवाई वाली एनडीए सरकार बनने जा रही है।
युमनाम खेमचंद सिंह आज मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह शाम 6 बजे लोक भवन में आयोजित किया जाएगा। इससे पहले उन्होंने मणिपुर के राज्यपाल अजय भल्ला से मुलाकात कर सरकार बनाने का औपचारिक दावा पेश किया। मंगलवार को हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में युमनाम खेमचंद सिंह को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया था। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि संविधान के अनुच्छेद 356 के खंड (2) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 13 फरवरी 2025 को मणिपुर में लागू राष्ट्रपति शासन की उद्घोषणा को 4 फरवरी 2026 से निरस्त कर दिया है।
गौरतलब है कि पिछले साल 13 फरवरी 2025 को तत्कालीन मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू किया गया था। उस समय राज्य लंबे समय से जातीय हिंसा, अशांति और संवैधानिक संकट से जूझ रहा था, जिसके चलते केंद्र सरकार को यह कड़ा फैसला लेना पड़ा था। अब राष्ट्रपति शासन हटने और नई सरकार के गठन के साथ मणिपुर में स्थिरता, शांति और विकास की उम्मीदें एक बार फिर जगी हैं। देखना होगा कि नई सरकार राज्य में भरोसा बहाल करने और हालात सामान्य करने के लिए क्या ठोस कदम उठाती है।
