मोतिहारी/बिहार/लखनऊ: बिहार विधानसभा चुनावों की आहट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर बिहार का रुख किया और मोतिहारी की जनसभा से विपक्ष, खासकर राजद-कांग्रेस गठबंधन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने 7217 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन कर बिहार को ‘जंगलराज’ से मुक्ति दिलाने और युवाओं को रोजगार देने के अपने संकल्प को दोहराया।
ऑपरेशन सिंदूर का किया ज़िक्र
पीएम मोदी ने कहा, “यह नया भारत है, जो दुश्मनों को सजा देने के लिए जमीन-आसमान एक कर देता है। बिहार की इस धरती से मैंने ऑपरेशन सिंदूर की घोषणा की थी और इसके बाद भारत की ताकत को पूरी दुनिया ने देखा।”उन्होंने कहा कि अब बिहार को वैश्विक बाज़ारों से जोड़ा जाएगा, जिससे किसानों की आय भी बढ़ेगी।
माओवाद पर दिया कड़ा संदेश
मोदी ने कहा कि “औरंगाबाद, गया। जमुई जैसे जिले अब माओवाद से मुक्त हो रहे हैं, जहां कभी बंदूकें गूंजती थीं। वहां अब युवा सपने देख रहे हैं।” उन्होंने माओवाद को खत्म करने का वादा दोहराया।
रोजगार और युवाओं पर फोकस
पीएम ने कहा कि “समृद्ध बिहार, हर युवा को रोजगार” हमारा लक्ष्य है। बिहार में ही रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए केंद्र सरकार ने बीते वर्षों में तेजी से काम किया है।
राजद-कांग्रेस पर सियासी हमला
मोदी ने जंगलराज का ज़िक्र करते हुए कहा कि “उस दौर में लोग अपने घर में रंग तक नहीं कराते थे, डरते थे कि कहीं रंग देखकर मकान मालिक को ही उठा न लिया जाए।”उन्होंने बताया कि पीएम आवास योजना के तहत देशभर में 4 करोड़ घरों में से 60 लाख घर बिहार में बने हैं।
परिवारवाद बनाम समर्पण
उन्होंने कहा कि “राजद और कांग्रेस सिर्फ अपने परिवार को आगे बढ़ाते हैं, गरीबों और पिछड़ों के नाम पर राजनीति करते हैं लेकिन सम्मान नहीं देते।”उन्होंने अपील की कि बिहार को फिर एक बार एनडीए को मौका देना चाहिए।
