बेगूसराय: सभा में प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाने को कहा। जब पूरा मैदान रोशनी से जगमगा उठा तो उन्होंने मुस्कुराते हुए पूछा इतनी रोशनी में भी क्या आपको लालटेन की जरूरत है?
मोदी ने कहा कि कांग्रेस के दौर में मोबाइल बहुत महंगा हुआ करता था, और तब भारत में मोबाइल बनाने वाली केवल 2 फैक्ट्रियां थीं, लेकिन आज 200 से ज्यादा फैक्ट्रियां काम कर रही हैं। उन्होंने बताया कि NDA सरकार के दौरान डेटा दुनिया में सबसे सस्ता हुआ है, जिससे युवाओं को कंटेंट क्रिएशन का नया बाजार मिला है। पीएम बोले आज बिहार में यह मोबाइल और यह प्रकाश विकास का प्रतीक है। सभा के दौरान प्रधानमंत्री ने मंच पर ही छठ व्रतियों को सूप बांटे और गायिका शारदा सिन्हा को भी याद किया। मंच पर रोशनी की कमी देखकर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने माइक से कहा लाइट वाले जल्दी स्टेज पर रोशनी दो।
महागठबंधन पर प्रहार-अटक, लटक, झटक, पटक दल’
प्रधानमंत्री ने विपक्षी गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए कहा एक तरफ NDA है जहाँ नीतीश जी, चिराग जी, कुशवाहा जी जैसे समझदार नेता हैं। वहीं दूसरी तरफ महागठबंधन है, जिसमें अटक, लटक, झटक, पटक दल शामिल हैं। मोदी ने कहा कि RJD पिछले दो दशकों से कोई चुनाव नहीं जीती, लेकिन अहंकार में अटकी है। कांग्रेस 35 सालों से RJD की पिछलग्गू बनी हुई है और अब RJD ने उसे भी पटक दिया। VIP को फटका दिया, और लेफ्ट दलों को लटका दिया।
उन्होंने कहा जब स्वार्थ हावी होता है तो लूट-खसोट ही राजनीति का चेहरा बन जाती है।
जंगलराज’ की याद-बिहार के भविष्य पर लगे थे ताले
प्रधानमंत्री ने कहा, हत्या, रंगदारी, लूट और धमकी के उस दौर ने बिहार की फैक्ट्रियों पर ताले लगा दिए थे। ये ताले सिर्फ उद्योगों पर नहीं, बल्कि बिहार के युवाओं के भविष्य पर लगे थे। उन्होंने कहा कि बेगूसराय-बरौनी जैसे औद्योगिक इलाके एक दशक पीछे चले गए, और जो दल बिहार को पलायन की पीड़ा दे गए, आज वही बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं।
समस्तीपुर से NDA का नारा नई रफ्तार से चलेगा बिहार, फिर आएगी NDA सरकार
समस्तीपुर के कर्पूरी ग्राम और दूधपूरा में हुई सभा में पीएम मोदी ने 45 मिनट के भाषण में 17 बार ‘जंगलराज’ का जिक्र किया। उन्होंने मंच से फिर लोगों से मोबाइल की लाइट जलाने को कहा और पूछा इतनी रोशनी में भी लालटेन चाहिए क्या? मोदी बोले हमारी सरकार ने हर घर तक इंटरनेट पहुंचाया और डेटा इतना सस्ता कर दिया कि आज एक जीबी डेटा एक कप चाय से भी सस्ता है। इसका सबसे बड़ा फायदा युवाओं को मिला है, जो वीडियो बनाकर कमाई कर रहे हैं।
फिर आएगी NDA सरकार! नीतीश जी के नेतृत्व में NDA तोड़ेगा सभी रिकॉर्ड
प्रधानमंत्री ने कहा बिहार के लोगों का यह उत्साह बताता है कि नीतीश बाबू के नेतृत्व में NDA इस बार जीत के सारे रिकॉर्ड तोड़ देगा। बिहार फिर से सुशासन सरकार को चुनेगा और जंगलराज वालों को दूर रखेगा।
RJD-कांग्रेस पर तीखा हमला-जनता से लिया बदला
पीएम मोदी ने कहा कि 2005 का अक्टूबर महीना बिहार के लिए ऐतिहासिक था जब जनता ने जंगलराज से मुक्ति पाई थी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन की शुरुआत हुई थी उन्होंने कहा उस वक्त केंद्र में कांग्रेस-राजद की सरकार थी, जिन्होंने बिहार की परेशानियां बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। RJD वाले जनता से बदला ले रहे थे कि आपने नीतीश जी की सरकार क्यों बनाई। वे कांग्रेस को धमकाते थे कि अगर बिहार के लिए कोई प्रोजेक्ट दिया तो हम गठबंधन तोड़ देंगे।
