बागपत: एक बड़ा फाइनेंशियल फ्रॉड मामला सामने आया है, जिसमें बॉलीवुड अभिनेता श्रेयस तलपड़े और दिवंगत अभिनेता आलोक नाथ समेत 22 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इन पर आरोप है कि इन्होंने निवेश के नाम पर 500 से अधिक लोगों से करीब 5 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की है।
‘द लोनी अर्बन मल्टी स्टेट क्रेडिट एंड थ्रिफ्ट कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड’ नाम से कंपनी बनाकर ग्रामीण इलाकों में निवेश कराने का झांसा दिया गया। कंपनी ने निवेशकों को पांच साल में रकम दोगुनी करने का लालच देकर उन्हें लुभाया। बागपत, शामली, मेरठ और हरियाणा के कई जिलों में एजेंट नियुक्त कर लोगों से भारी रकम वसूली गई।
शिकायत दर्ज कराने वाली बबली ने बताया
बागपत कोतवाली क्षेत्र के मितली गांव की रहने वाली बबली ने एफआईआर दर्ज कराई है। उसने आरोप लगाया कि कंपनी ने ग्रामीणों के साथ मिलकर फर्जी निवेश योजनाओं के जरिए ठगी की। बबली ने बताया कि बिजरौल गांव का एक युवक उनके गांव आता-जाता था और उसने कंपनी को भारत सरकार के कृषि और सहकारी मंत्रालय में पंजीकृत बताया था। भरोसा जताते हुए बबली ने 1.90 लाख रुपये की एफडी हरियाणा के समालखा स्थित ब्रांच में कराई। धीरे-धीरे गांव के अन्य लोगों ने भी निवेश किया।
एक साल से भुगतान बंद
निवेशकों ने बताया कि पिछले एक साल से कंपनी ने किसी को भी भुगतान नहीं किया है। यहां तक कि कंपनी का स्टाफ कॉल्स तक रिसीव नहीं कर रहा। 27 नवंबर 2024 को अचानक कंपनी का सॉफ्टवेयर और सभी वित्तीय लेनदेन बंद कर दिए गए। जब निवेशकों ने एजेंटों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि कंपनी ने जिलेभर में करीब 25 एजेंट बनाए थे, जिन्होंने मिलकर 500 से अधिक लोगों से 5 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश कराया।
निवेशकों की शिकायत में दर्जनों नाम
ठगी से परेशान निवेशकों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र भेजकर कंपनी के 22 संचालकों और पदाधिकारियों के नाम, पते और मोबाइल नंबर भी दिए हैं। शिकायत में बताया गया है कि कंपनी ने FD, RD, सुकन्या योजना, आयुष्मान प्लान, सेविंग अकाउंट और एटीएम पॉलिसी जैसी स्कीमों में निवेश कराकर करोड़ों रुपये हड़पे।
पुलिस जांच में जुटी
बागपत कोतवाली प्रभारी दीक्षित कुमार त्यागी ने बताया कि 22 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब कंपनी के डिजिटल ट्रांजैक्शन, बैंक अकाउंट और मोबाइल ऐप की जांच कर रही है। आवश्यकता पड़ने पर आर्थिक अपराध शाखा और साइबर सेल की मदद ली जाएगी।
फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस घोटाले में ब्रांड अंबेसडर रहे अभिनेता श्रेयस तलपड़े और आलोक नाथ की भूमिका क्या रही।
