पटना : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र मुजफ्फरपुर में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। जनसमुद्र देखकर उन्होंने कहा कि “यह भीड़ बता रही है कि इस बार फिर से एनडीए की सरकार बनने जा रही है और बिहार में सुशासन लौटेगा।”
उन्होंने छठ महापर्व का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पर्व बिहार और देश की आस्था का प्रतीक है। “हम प्रयास कर रहे हैं कि छठ महापर्व को यूनेस्को की विश्व विरासत सूची में शामिल किया जाए। यह केवल पर्व नहीं, बल्कि मानवता और मातृशक्ति का महोत्सव है,” प्रधानमंत्री ने कहा।
छठी मैया का अपमान करने वालों को बिहार माफ नहीं करेगा: मोदी
प्रधानमंत्री ने राजद और कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि ये दल “छठी मैया का अपमान” कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “जो लोग आस्था और परंपरा का मज़ाक उड़ाते हैं, बिहार उन्हें कभी माफ नहीं करेगा। हमारे लिए छठ पूजा भावनाओं का पर्व है, किसी के ड्रामे का विषय नहीं।”
कांग्रेस-राजद पर बड़ा हमला, कहा — ‘कट्टा, कुशासन और करप्शन’ इनकी पहचान
पीएम मोदी ने विपक्षी दलों पर आरोप लगाया कि उन्होंने बिहार को “जंगलराज, भ्रष्टाचार और कुशासन” की ओर धकेला।
उन्होंने कहा, “एनडीए सरकार ने बिहार को विकास की राह पर लाया है — अब यहां रेल इंजन बन रहे हैं, डेयरी उद्योग बढ़ रहे हैं और मखाना दुनिया में पहचान बना रहा है।”
उन्होंने यह भी कहा कि “जिन्होंने बिहार को लालटेन युग में रखा, वो बिजली नहीं दे सकते। जिन्होंने रेल लूटी, वो कनेक्टिविटी नहीं बढ़ा सकते।”
‘दो युवराजों’ पर निशाना — ‘एक देश का, दूसरा बिहार का सबसे भ्रष्ट परिवार’
राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा,
“बिहार में दो युवराज झूठे वादों की दुकानें खोलकर बैठे हैं — एक देश के सबसे भ्रष्ट परिवार का युवराज है, दूसरा बिहार के सबसे भ्रष्ट परिवार का।”
उन्होंने कहा कि “ये दोनों जमानत पर चल रहे हैं और सत्ता के लालच में बिहार को फिर लूटना चाहते हैं।”
मोदी ने कहा, “जिन्होंने बाबा साहेब अंबेडकर का अपमान किया, वे सामाजिक न्याय की बात नहीं कर सकते। हमारी सरकार ने ही पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक मान्यता दी और डिजिटल इंडिया में भीम एप से हर वर्ग को जोड़ा।”
बिहार में एनडीए की सबसे बड़ी जीत का दावा
प्रधानमंत्री ने कहा कि “हर सर्वे बता रहा है कि इस चुनाव में राजद और कांग्रेस की सबसे बड़ी हार होने जा रही है और एनडीए को ऐतिहासिक जीत मिलेगी।” उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब “कट्टा राज” नहीं, विकास राज चाहती है।
मुजफ्फरपुर के बाद छपरा में रैली, 58 विधानसभा क्षेत्रों को साधने की रणनीति
मुजफ्फरपुर में रैली के बाद पीएम मोदी छपरा रवाना हुए, जहां उन्होंने दूसरी जनसभा को संबोधित किया। बताया जा रहा है कि इन दो सभाओं के ज़रिए पीएम मोदी ने 58 विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं को साधने की रणनीति बनाई है। इनमें तिरहुत प्रमंडल के मुजफ्फरपुर, चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर और वैशाली के क्षेत्र शामिल हैं, जबकि सारण प्रमंडल में सीवान, गोपालगंज और सारण जिले के मतदाता लक्षित हैं।प्रधानमंत्री के संबोधन ने चुनावी माहौल में नई ऊर्जा भर दी है। भीड़ और उत्साह ने साफ संकेत दिया है कि बिहार की राजनीति एक बार फिर सुशासन और विकास के मुद्दे पर गर्मा गई है।
