सीटी स्कैन रूम में वारदात से मचा हड़कंप, कर्मचारियों ने आरोपी को दबोचकर पुलिस के हवाले किया; प्रेम प्रसंग के एंगल पर भी जांच
पीलीभीत: पीलीभीत मेडिकल कॉलेज परिसर में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक पैरामेडिकल छात्र ने अपनी सहपाठी छात्रा पर चाकू से हमला कर दिया। छात्रा को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंची सीटी स्कैन विभाग की महिला कर्मचारी पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए भर्ती कराया गया। मेडिकल कॉलेज के कर्मचारियों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह मेडिकल कॉलेज के सीटी स्कैन रूम में पैरामेडिकल छात्र सागर सिंह ने बरेली निवासी अपनी सहपाठी छात्रा कशिश पटेल पर अचानक चाकू से हमला कर दिया। हमले में छात्रा घायल हो गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

छात्रा को बचाने के लिए आगे आई सीटी स्कैन विभाग की महिला कर्मचारी निधि ने आरोपी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने उन पर भी चाकू से वार कर दिया। इस हमले में वह भी घायल हो गईं। घटना के बाद अस्पताल परिसर में मरीजों और तीमारदारों के बीच दहशत फैल गई।
शोर सुनकर मेडिकल कॉलेज के कर्मचारी और अन्य लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपी को घेरकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव, अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए भर्ती कराया है। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे प्रेम प्रसंग की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है। आरोपी से पूछताछ जारी है और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।