लखनऊ : उत्तर प्रदेश विधानसभा में कोडीन कफ सिरप और नकली दवाओं से मौत के मुद्दे पर जोरदार बहस देखने को मिली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उत्तर प्रदेश में कोडीन कफ सिरप से किसी भी व्यक्ति की मौत का कोई मामला अब तक सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में सरकार के संज्ञान में कोई ठोस जानकारी नहीं है और विपक्ष बेवजह भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोडीन कफ सिरप से जुड़ा मामला यदि कहीं सामने आता है तो एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस पूरे मामले में उत्तर प्रदेश सरकार कोर्ट में अपना पक्ष मजबूती से रखेगी और सरकार इस प्रकरण को न्यायालय में जीतेगी।
सीएम योगी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में कोडीन कफ सिरप का उत्पादन नहीं होता। यहां केवल स्टॉकिस्ट और होलसेलर हैं, जबकि इसका उत्पादन मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश समेत अन्य राज्यों में होता है। उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में इस तरह की मौतों की खबरें आई हैं, वे उत्तर प्रदेश से बाहर की हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में कोडीन कफ सिरप का सबसे बड़ा होलसेलर, जिसे सबसे पहले एसटीएफ ने गिरफ्तार किया था, उसे वर्ष 2016 में समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान लाइसेंस जारी किया गया था। उन्होंने कहा कि यह तथ्य विपक्ष को पहले देख लेना चाहिए था।
सीएम योगी ने आगे कहा कि जो तस्वीरें और नाम सामने आ रहे हैं, उनमें दो प्रमुख चेहरे हैं एक दिल्ली में और दूसरा लखनऊ में बैठा हुआ। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब भी देश में इस तरह का कोई मामला चर्चा में आता है, तो ये लोग देश छोड़कर भाग जाते हैं। मुख्यमंत्री ने कटाक्ष करते हुए कहा, “मुझे लगता है कि यही हाल आपके ‘बबुआ’ का भी होगा, वह भी देश छोड़ देंगे और आप लोग यहीं चिल्लाते रह जाएंगे।”
मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष को सलाह देते हुए कहा कि सदन में प्रश्न उठाने से पहले पूरे अध्ययन के साथ आना चाहिए और सदन की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि नकली दवाओं से होने वाली मौतों को लेकर सरकार पूरी तरह सतर्क है और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग द्वारा समय-समय पर छापेमारी की कार्रवाई भी की जाती रही है। सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि “मैं तो मानता था कि उम्र के चौथे पड़ाव पर व्यक्ति कम से कम सच बोलने का आदी हो जाता है, लेकिन समाजवादी पार्टी इस उम्र में भी लोगों से झूठ बुलवा रही है।”
