बरेली: शेरगढ़ थाना क्षेत्र में जमीन विवाद के चलते हुई हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से तमंचा, कारतूस और हत्या में प्रयुक्त आला-क़त्ल भी बरामद किया है।
खेत खरीद-फरोख्त को लेकर बढ़ा था तनाव
मामला ग्राम बैरमनगर का है, जहां मृतक भूप सिंह और ग्राम नूराबाद के तुलाराम के बीच खेत की खरीद-फरोख्त को लेकर विवाद चल रहा था। 8 नवंबर की शाम करीब 6 बजे तुलाराम, उसके बेटे पप्पू उर्फ ओमेन्द्र, संजीव और उनके साथी वकील अहमद भूप सिंह के ट्यूबवेल पर पहुंचे और दोबारा खेत बेचने का दबाव बनाने लगे। मना करने पर आरोपियों ने भूप सिंह से गाली-गलौज की और अचानक धारदार हथियारों से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चेहरे और गर्दन पर कई वार किए गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के पुत्र की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा
भूप सिंह के पुत्र की तहरीर पर चारों आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1)/352/351(3)/3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। सभी आरोपी घटना के बाद से फरार थे।
सुबह छापेमारी में पकड़ा गया वांछित आरोपी
14 नवंबर की सुबह शेरगढ़ पुलिस ने अभियान चलाकर मुख्य आरोपी ओमेन्द्र उर्फ पप्पू को निपौली नहर मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने उसके कब्जे से—
एक 315 बोर का देशी तमंचा, दो जिंदा कारतूस, और हत्या में प्रयुक्त बांका (आला-क़त्ल) बरामद किया है।
अवैध हथियार का भी मुकदमा दर्ज
बरामद तमंचे के आधार पर आरोपी के खिलाफ एक और मुकदमा धारा 3/25 A.ACT में दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है। गिरफ्तार आरोपी को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
