बीज सत्यापन और टैग जारी करने के नाम पर 70 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप, विजिलेंस टीम ने कार्यालय में रंगे हाथ दबोचा
मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश राज्य बीज प्रमाणीकरण संस्था के उपनिदेशक रूप सिंह को विजिलेंस टीम ने 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि उन्होंने बीज सत्यापन और टैग जारी करने के बदले एक किसान से 70 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने ट्रैप बिछाकर आरोपी को उसके कार्यालय से गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक सतर्कता के अनुसार, उपनिदेशक रूप सिंह ने बीजों के सत्यापन और टैग जारी करने के एवज में शिकायतकर्ता से 70 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई, जिसके बाद आरोपी ने 10 हजार रुपये तत्काल और शेष 60 हजार रुपये अगस्त के दूसरे सप्ताह में देने की बात कही।
शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की लिखित शिकायत विजिलेंस विभाग से की। प्रारंभिक जांच में रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए। इसके बाद विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप तैयार किया।
शुक्रवार को मुरादाबाद स्थित कार्यालय में शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की नकद रिश्वत लेते समय विजिलेंस टीम ने उपनिदेशक रूप सिंह को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पूरी कार्रवाई की वीडियो और अन्य साक्ष्यों के साथ पुष्टि की गई।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। विजिलेंस विभाग मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटा हुआ है।