कानपुर: नेशनल हाईवे पर शुक्रवार सुबह चलती स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई। बस में सवार यात्री फंस गए और दरवाजों तक आग फैलने के कारण बाहर निकलने में असमर्थ रहे। कुछ यात्री किसी तरह कूदकर सुरक्षित बाहर आए, लेकिन अधिकांश बस के अंदर फंसे रहे।
पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुँचकर धू-धू कर जलती बस में जान की बाज़ी लगाकर यात्रियों को बाहर निकाला। घटना के कारण हाईवे पर लगभग 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
हादसा रामदेवी चौराहा के पास शुक्रवार सुबह लगभग 10.45 बजे हुआ। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। पलक ट्रैवेल्स की यह बस दिल्ली से बनारस जा रही थी। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन यात्रियों का दावा है कि बस के ऊपर रखे सामान में आग लगने से हादसा हुआ।
यात्री मंजीत झा ने बताया कि उनका बैग जलकर राख हो गया, जिसमें 20 हजार रुपये भी थे। हितेश ने कहा कि बस में अनावश्यक सामान भरा होने की वजह से आग लगी और उनका लाखों का सामान जल गया। सुरेंद्र ने बताया कि ऊपर रखे सामान के कारण उनका पूरा सामान राख हो गया। पुष्पा देवी ने कहा कि शादी में जा रही थीं, उनका 40 हजार का सामान और लैपटॉप जल गया।
पुलिस और अग्निशमन विभाग ने घटनास्थल पर पहुंचकर बस में लगी आग पर काबू पाया। हादसे की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि आग की वास्तविक वजह क्या थी।
