आगरा/लखनऊ : यूपी के आगरा जिले में इश्क में दीवानगी की एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने पूरे गांव के लोगों की सांसों को 22 घंटे तक रोके रखा। 35 वर्षीय युवक सत्यम, शादीशुदा प्रेमिका से मिलने की ज़िद में धारापुरा गांव में हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया और 22 घंटे तक जान जोखिम में डालकर वहीं बैठा रहा।
प्रेमिका को बंधक बनाने का आरोप
आगरा के ताजगंज थाना क्षेत्र के नगला प्रेमा निवासी सत्यम पिछले 6 महीने से धारापुरा गांव में अपनी बहन के घर रह रहा था। सुबह 11:30 बजे वह यमुना किनारे स्थित बिजली के हाईटेंशन टावर पर चढ़ गया। पूछताछ पर उसने बताया कि वह एक युवती से प्रेम करता है। मगर, उसके घरवालों ने उसे कैद कर रखा है और मिलने नहीं दे रहे। उसका कहना था कि जब तक प्रेमिका को नहीं बुलाया जाएगा, वह नीचे नहीं उतरेगा।
बिजली के तार छूकर जान देने की धमकी
सत्यम ने बिजली के तारों के पास जाकर आत्महत्या की धमकी दी। जिससे मौके पर मौजूद ग्रामीण, पुलिस और दमकल कर्मी भी तनाव में आ गए। पुलिस ने दमकल विभाग की मदद से उसे नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन वह और ऊपर चढ़ता चला गया। रातभर सत्यम टावर पर बैठा रहा। वह पर्ची के जरिए अपना और प्रेमिका का मोबाइल नंबर नीचे फेंकता रहा, ताकि पुलिस उससे संपर्क करे और लड़की को बुलाया जाए।
प्रेमिका की हो चुकी है शादी
जांच में यह सामने आया कि जिस युवती के लिए युवक टावर पर चढ़ा था। वह उसकी रिश्तेदार है और उसकी शादी हो चुकी है। इसके बावजूद सत्यम उसका पीछा नहीं छोड़ रहा था। ग्रामीणों और पुलिस ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह यह कहकर नहीं उतरा कि पुलिस उसे पीटेगी। पुलिसकर्मियों के हट जाने के बाद भी वह नीचे नहीं आया।
सोमवार सुबह उतारा गया नीचे
लगभग 22 घंटे के हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद सोमवार सुबह पुलिस व दमकल विभाग की संयुक्त टीम ने बातचीत और रणनीति से सत्यम को सुरक्षित नीचे उतार लिया। DCP ईस्ट अली अब्बास ने मीडिया को बताया कि युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उसका मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया जाएगा।
