कन्नौज/लखनऊ : यूपी के कन्नौज जिले के सौरिख थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां 22 वर्षीय युवक देवांशू उर्फ अन्नू ने शादी तय होने से नाराज़ होकर अपनी प्रेमिका दीप्ति (21 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी और फिर खुद को भी गोली मार ली। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। कन्नौज के छिबरामऊ सर्किल के सीओ सुरेश कुमार ने “The Justice Hindi ” को बताया कि युवक ने पहले युवती की गोली मारकर हत्या की। इसके बाद खुद जान दे दी है। इस मामले में शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम को भेज दिया है। इसके साथ ही जांच पड़ताल जारी है।
तीन साल से चल रहा था प्रेम संबंध

गांव के लोगों ने मीडिया को बताया कि कुठला गांव निवासी महिपाल सिंह के बेटे देवांशू का पास के ही सुल्तानपुर गांव की बीएससी फाइनल ईयर की छात्रा दीप्ति से तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लेकिन जब लड़की के परिवार वालों को इसकी जानकारी हुई, तो उन्होंने दीप्ति की शादी औरैया के चिट्ठा गांव में एक युवक से तय कर दी, जो तालग्राम में क्लीनिक चलाता है।
प्रेमी ने दी थी धमकी, फिर पंचायत में किया था वादा
शादी तय होने की खबर मिलते ही देवांशू ने उस युवक को जाकर धमकाया। इसके बाद रविवार को दोनों परिवारों की पंचायत हुई। इसमें देवांशू ने दीप्ति से संबंध तोड़ने की बात कह दी। मगर वह वादा निभा नहीं पाया।
वारदात का समय: तड़के 3 बजे
सोमवार तड़के 3 बजे देवांशू अपने पिता की लाइसेंसी 12 बोर की बंदूक लेकर दीप्ति के घर पहुंचा। वह छत पर अपनी छोटी बहन के साथ सो रही थी। उसने दीप्ति के सिर में गोली मार दी और भाग गया। इसके बाद महज 20 मीटर दूर तालाब किनारे जाकर खुद को भी गोली मार ली।
पुलिस जांच और केस दर्ज
सूचना पर मौके पर एसपी विनोद कुमार, ASP अजय कुमार सहित पुलिस के कई अधिकारी पहुंचे। पुलिस ने बंदूक व खोखे जब्त किए और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। देवांशू का परिवार फरार है। घर पर ताला लगा है। एसपी ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
दीप्ति एक होनहार छात्रा थी
दीप्ति बीएससी अंतिम वर्ष में पढ़ रही थी। उसके परिवार में एक छोटी बहन और भाई हैं। पिता अशोक कुमार पाल, बिजली विभाग में लाइनमैन हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
