अलीगढ़/ लखनऊ: यूपी के अलीगढ़ के गंगीरी थाना क्षेत्र के नगला हिमाचल गांव में 18 जून की रात 30 वर्षीय ट्रक ड्राइवर ऋषि की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस हत्याकांड में चौंकाने वाला मोड़ तब आया, जब जांच में सामने आया कि हत्या ऋषि की पत्नी ललिता और उसके प्रेमी देवर नीरेश ने मिलकर करवाई थी। पति के अक्सर बाहर रहने के कारण ललिता और उसके चचेरे देवर नीरेश के बीच नाजायज संबंध बन गए थे। दोनों ने एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने की ख्वाहिश में रास्ते से पति को हटाने की साजिश रची और 18 जून को रात को गोली मारकर ऋषि की हत्या कर दी।
पुलिस ने 48 घंटे में किया खुलासा
थाना गंगीरी पुलिस ने रात करीब 1:45 बजे दोनों आरोपियों को नौगवां चौराहे से गिरफ्तार कर लिया। नीरेश की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया तमंचा, एक जिंदा और एक खाली कारतूस भी बरामद किया। इसमें मुख्य आरोपी नीरेश, और उसकी प्रेमिका ललिता यादव को गिरफ्तार किया गया है। इसके बाद पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने घटना का खुलासा किया। इस मामले में हत्या का मुकदमा दोनों के खिलाफ दर्ज कर जेल भेजने की प्रक्रिया जारी है।
