नई दिल्ली : तमिलनाडु के करूर में अभिनेता से राजनेता बने विजय की रैली के दौरान मची भगदड़ मामले में सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। विजय की पार्टी टीवीके द्वारा दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने मामले की जांच सीबीआई को सौंपने के आदेश दिए हैं। कोर्ट ने इस जांच की निगरानी के लिए सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश अजय रस्तोगी को नियुक्त किया है।
टीवीके ने सुप्रीम कोर्ट से मांग की थी कि इस हादसे की जांच राज्य पुलिस की एसआईटी से नहीं बल्कि एक स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए, क्योंकि जनता को निष्पक्ष जांच पर भरोसा तभी होगा जब इसकी निगरानी सुप्रीम कोर्ट के किसी पूर्व जज द्वारा की जाए। पार्टी का कहना था कि करूर में हुई भगदड़ सिर्फ एक दुर्घटना नहीं बल्कि संभवतः पूर्व नियोजित साजिश का हिस्सा भी हो सकती है।
इससे पहले मद्रास हाई कोर्ट ने करूर हादसे की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया था, जिसे टीवीके ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। सुप्रीम कोर्ट ने अब हाई कोर्ट के आदेश को बदलते हुए जांच का जिम्मा सीबीआई को सौंप दिया है।
भगदड़ के बाद पुलिस ने टीवीके के कई वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। करूर नॉर्थ जिला सचिव माधियाझगन, जनरल सेक्रेटरी बसी आनंद और ज्वाइंट जनरल सेक्रेटरी सीटीआर निर्मल कुमार पर हत्या, हत्या के प्रयास और जान जोखिम में डालने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि इस घटना में कोई खुफिया चूक नहीं हुई, बल्कि आयोजन के दौरान भीड़ नियंत्रण में भारी लापरवाही बरती गई।
रैली में विजय की बस को पुलिस ने निर्धारित स्थान से 50 मीटर पहले रोकने का सुझाव दिया था, लेकिन आयोजकों ने उसे तय जगह पर ही पार्क कर दिया। बताया गया कि विजय करीब दस मिनट तक बस से बाहर नहीं आए, जिससे भीड़ बेकाबू हो गई। लोग उन्हें देखने के लिए आगे बढ़े और भगदड़ मच गई।
पुलिस के मुताबिक, टीवीके ने इस रैली के लिए 10 हजार लोगों की अनुमति मांगी थी, जबकि कार्यक्रम में करीब 25 हजार लोग पहुंच गए। प्रशासन का आरोप है कि पार्टी ने पर्याप्त सुरक्षा, पानी और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था नहीं की और अनुमति की कई शर्तों का उल्लंघन किया।
अब सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद यह पूरा मामला सीबीआई के हवाले है। जांच की निगरानी पूर्व न्यायाधीश अजय रस्तोगी करेंगे और रिपोर्ट सीधे सुप्रीम कोर्ट को सौंपी जाएगी। टीवीके ने कहा है कि उन्हें अदालत की निगरानी में होने वाली इस जांच से न्याय मिलने की उम्मीद है।
