महोबा : महोबा जिले में एक दिवसीय भ्रमण पर आए जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के काफिले के साथ शुक्रवार को अप्रत्याशित घटना हुई। रामश्री महाविद्यालय में आयोजित युवा उद्घोष कार्यक्रम से लौटते समय भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत और उनके समर्थकों ने मंत्री का काफिला रोक लिया। विरोध के दौरान कार्यकर्ताओं और सुरक्षाकर्मियों के बीच तीखी झड़प भी हुई।
सूत्रों के अनुसार, चरखारी विधायक और समर्थक पहले से ही कलक्ट्रेट मार्ग पर मौजूद थे। काफिला रोकते ही सड़क पर गाड़ियां खड़ी कर दी गईं। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए सीओ सदर अरुण कुमार सिंह और एसडीएम शिवध्यान पांडेय ने तत्काल कदम उठाए। मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को खुद वाहन से उतरकर विवाद को सुलझाना पड़ा। विरोध के दौरान विधायक और मंत्री के बीच तीखी नोकझोंक हुई। भाजपा विधायक के समर्थकों ने जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई सड़कों की बदहाली और कई गांवों में पानी की आपूर्ति न होने की शिकायत की। मंत्री ने समर्थकों से कहा कि जहां कोई शिकायत है, उन्हें लेकर चलो, मैं खुद जाऊंगा और लापरवाही मिलने पर संबंधित अफसरों को सस्पेंड कर दूंगा।
इसके बाद प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए समर्थकों को सड़क से अलग कराया और काफिला आगे बढ़ाया। मंत्री ने विधायक बृजभूषण राजपूत को अपनी गाड़ी में बैठाया और बातचीत के दौरान समर्थकों और इंस्पेक्टर के बीच तकरार भी हुई। समर्थकों ने कहा, “आंख क्यों दिखा रहे हो, खा जाओगे क्या?” जिस पर इंस्पेक्टर ने कहा कि बात शांतिपूर्वक हो रही है। घटना के बाद प्रशासन और मंत्री ने स्थिति को नियंत्रित कर काफिला सुरक्षित रूप से आगे बढ़ाया। इस घटना ने महोबा में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा बढ़ा दी है।
