बरेली : पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में 69वें रेल सप्ताह के अवसर पर मैत्री सामुदायिक केंद्र, न्यू मॉडल कॉलोनी, इज्जतनगर में विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने 26 रेलकर्मियों को उनके समर्पित एवं उत्कृष्ट कार्य के लिए रेल सेवा पुरस्कार से सम्मानित किया। मंडल रेल प्रबंधक ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 2024 इज्जतनगर मंडल के लिए उपलब्धियों से भरा रहा। उन्होंने कहा कि पुरस्कृत कर्मचारियों ने न केवल अपने दायित्वों का निर्वहन किया, बल्कि कर्तव्य से बढ़कर कार्य करते हुए मंडल की कार्यप्रणाली में उल्लेखनीय सुधार, उत्पादकता वृद्धि और रेल दुर्घटनाओं की रोकथाम में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय रेल का कायाकल्प हो रहा है, वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनें, पुनर्विकसित स्टेशन और ‘कवच’ जैसी उन्नत सुरक्षा प्रणालियाँ इसकी मिसाल हैं, लेकिन इन सबके पीछे कुशल मानव संसाधन की भूमिका सबसे अहम है।
मुख्यालय स्तर पर भी मिला सम्मान
19 फरवरी, 2026 को गोरखपुर मुख्यालय में आयोजित रेल सप्ताह समारोह में महाप्रबंधक उदय बोरवणकर द्वारा इज्जतनगर मंडल को विभिन्न क्षेत्रों में शील्ड एवं ट्रॉफियां प्रदान की गईं। मंडल को अंतर्मंडलीय संरक्षा, पर्यावरण एवं हाउसकीपिंग प्रबंधन, लोको परिचालन, कर्षण वितरण, लेखा, परिचालन एवं नागरिक केंद्रित सेवा दक्षता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। रुद्रपुर सिटी रेलवे स्टेशन (बी श्रेणी) को सर्वोत्तम स्वच्छ स्टेशन ट्रॉफी, लालकुआं कोचिंग डिपो को सर्वोत्तम व्यवस्थित कोचिंग डिपो शील्ड, इज्जतनगर रेलवे स्टेशन (डी एवं ई श्रेणी) को सर्वोत्तम स्वच्छ स्टेशन ट्रॉफी
26 कर्मचारी सम्मानित
इंजीनियरिंग, वाणिज्य, विद्युत, सिग्नल एवं टेलीकॉम, रेल सुरक्षा बल, परिचालन, कार्मिक, यांत्रिक एवं प्रशासन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री मनोज, मंडल के शाखा अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री संदीप सिंह ने किया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई।
